भोजपुरी की जानी-मानी एक्ट्रेस प्रियांशु सिंह (Priyansu Singh) पिछले दिनों विवादों की वजह से चर्चा में रही थीं। उन्होंने कथित बॉयफ्रेंड और को-एक्टर पर दुष्कर्म और प्रताड़ना का आरोप लगाया था। साथ ही एक्ट्रेस ने ये भी आरोप लगाया था कि उनके को-एक्टर ने उन्हें शादी का सांझा दिया था। उनके बारे में ये सारी बातें उनके जन्मदिन के मौके पर कर रहे हैं। वो आज 24 साल की हो गई हैं। उनका जन्म 1 अक्टूबर, 1999 में बिहार के आरा में हुआ था। ऐसे में उनके बर्थडे के मौके पर भोजपुरी एक्ट्रेस के बारे में इंटरेस्टिंग बातें बता रहे हैं। आइए जानते हैं…
भोजपुरी एक्ट्रेस प्रियांशु सिंह ने जन्मदिन के मौके पर जनसत्ता.कॉम से खुद से जुड़ी कुछ इंटरेस्टिंग बातों के बारे में बताया है। इस दौरान उनसे पूछा गया कि अगर वो एक्ट्रेस ना होतीं तो आज क्या बनतीं? इस पर उन्होंने जवाब दिया कि अगर वो एक्ट्रेस नहीं होतीं तो हवा में उड़ रही होतीं यानी कि वो एक एयर होस्टेस या फिर टीचर होतीं।
बचपन में बेहद शरारती थीं प्रियांशु सिंह
प्रियांशु सिंह ने अपने स्कूल के दिनों की शरारतों को याद करते हुए बताया कि वो बचपन में काफी शरारती थीं। एक्ट्रेस ने बताया कि वो और उनके दोस्त मिलकर टीचर की गाड़ी की हवा निकाल देते थे। जब एग्जाम में कम नंबर आते और सरप्राइज टेस्ट लिया जाता था तो गुस्से में आकर प्रियांशु टीचर की गाड़ी की हवा निकाल देती थीं।
बिहार से हैं मगर पली-बढ़ीं उड़ीसा में
प्रियांशु सिंह बिहार की हैं मगर उनकी परवरिश उड़ीसा में हुई है, लेकिन वो बिहार को काफी पसंद करती हैं क्योंकि, उनका मानना है कि ये उनकी जन्मभूमि है और जन्मभूमि को कभी भुलाया नहीं जाता है।
इसके साथ ही उन्होंने एक्टिंग में करियर बनाने के चुनाव पर परिवार के रिएक्शन के बारे में भी बताया कि उनके इस फैसले से उनका पूरा परिवार खुश था।
एक्टिंग के लिए भोजपुरी ही क्यों चुना?
प्रियांशु सिंह ने बताया कि उन्होंने करियर शुरू करने के लिए भोजपुरी को ही क्यों चुना? तो इस पर एक्ट्रेस ने कहा, ‘मैंने भोजपुरी नहीं एक्टिंग को चुना है। कौन-सी भाषा में हो मायने नहीं रखता है। अपना बेस्ट दो यहां से कहीं का भी अवसर मिल सकता है।’
आपको बता दें कि प्रियांशु सिंह ने अपने करियर की शुरुआत भोजपुरी म्यूजिक वीडियोज से की थी। वो रितेश पांडेय, अरविंद अकेला कल्लू और समर सिंह जैसे स्टार्स के साथ काम कर चुकी हैं। इसके साथ ही वो फिल्मों में भी नजर आ चुकी हैं। उन्होंने समर सिंह के साथ फिल्म ‘लाल चुनरिया वाली पर दिल आया रे’ में काम किया था। इसके अलावा यश किमार के साथ ही स्क्रीन शेयर कर चुकी हैं।