Gangster Vikas Dubey, UP: कानपुर (Kanapur) में सीओ समेत 8 पुलिसकर्मियों की हत्या करने वाला गैंगस्टर विकास दुबे (Vikas Dubey) मध्य प्रदेश के उज्जैन से गिरफ्तार कर लिया गया है। जानकारी के मुताबिक उसने उज्जैन (Ujjain) के महाकाल मंदिर (Mahakal Temple) में दर्शन पूजन किया, इसके बाद खुद वहां के गार्ड को अपना नाम बताया और पुलिस को सूचना देने की बात कही। इसके बाद मध्य प्रदेश पुलिस ने उसको गिरफ्तार कर लिया।
इस बात की पुष्टि खुद मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने की है। मीडियाकर्मियों से बातचीत के दौरान नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि विकास दुबे अभी एमपी पुलिस की कस्टडी में है और उससे पूछताछ चल रही है। उत्तर प्रदेश पुलिस को भी उसकी गिरफ्तारी की सूचना दे दी गई है। उधर, विकास दुबे की गिरफ्तारी के बाद सोशल मीडिया पर भी तमाम लोगों के रिएक्शन सामने आ रहे हैं। बॉलीवुड डायरेक्टर अशोक पंडित ने ट्वीट कर विकास दुबे को सरेआम फांसी देने की मांग की है।
अपने ट्वीट में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उत्तर प्रदेश पुलिस को टैग करते हुए अशोक पंडित ने लिखा, ‘विकास दुबे को पब्लिकली फांसी दे देनी चाहिए’। अशोक पंडित के इस ट्वीट पर भी तमाम लोगों ने रिएक्शन दिया है।
https://twitter.com/ashokepandit/status/1281089162246934529?s=19
मनीष राजपूत नाम के एक यूजर ने लिखा, ‘पंडित जी पहले सरकार और प्रशासन से इसकी मिलीभगत का काला चिट्ठा तो खुल जाने दीजिए, इसके बाद फांसी दी जाएगी’। वहीं कई यूजर अशोक पंडित की इस मांग का विरोध भी करते नजर आए। अमन राय नाम के एक यूजर ने लिखा, ‘भारत तालिबान नहीं है। उसे फांसी जरूर हो, लेकिन जेल में।’
पंडित जी पहले सरकार और प्रशासन से की मिलीभगत का काला चिट्ठा तो खुल जाने दो ..इसको सरेआम फांसी की सजा दी जाएगी
— मनीष राजपूत (@Rajputmanish95) July 9, 2020
एक और यूजर ने लिखा ‘मैं यह मानता हूं कि दोष सिद्ध होने के बाद उसे फांसी की सजा जरूर मिलनी चाहिए, लेकिन हमें इस तरह की क्रूर सजा का समर्थन कतई नहीं करना चाहिए’।
आपको बता दें कि हफ्ते भर पहले विकास दुबे और उसके साथियों ने उत्तर प्रदेश के कानपुर में दबिश के दौरान 8 पुलिसकर्मियों की हत्या कर सनसनी फैला दी थी। इसमें सीओ, एसओ भी शामिल थे। इसके बाद से ही यूपी पुलिस समेत तमाम राज्यों की पुलिस उसकी गिरफ्तारी का प्रयास कर रही थीं। उसके कई साथी एनकाउंटर में मारे भी गए। इसी बीच आज विकास गिरफ्तार हो गया।