बॉलीवुड के लिए भले ही 2022 बॉक्स ऑफिस पर खराब रहा है। मगर साल 2023 अच्छा साबित हो रहा है। हिंदी सिनेमा ने एक बार फिर से बॉक्स ऑफिस पर रफ्तार पकड़ ली है। ‘पठान’ से शुरू हुई आंधी ‘गदर 2’ तक आ गई है। इन दिनों फिल्म का जलवा बरकरार है और ये भारत में 300 करोड़ की कमाई के करीब पहुंच गई है। रिलीज के महज 7 दिनों में ही सनी देओल और अमीषा पटेल की जोड़ी 22 साल बाद भी कमाल कर दिखाया है। फिल्म ने नया मुकाम हासिल कर लिया है। मेकर्स और इसकी स्टारकास्ट की खुशी का ठिकाना नहीं है। ऐसे में चलिए बताते हैं कि फिल्म ने सातवें दिन कितना कलेक्शन कर लिया है…?
‘गदर 2’ के सातवें दिन के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन की बात की जाए तो शुरुआती आंकड़ों के अनुसार कहा जा रहा है कि इसने गुरुवार को 22 करोड़ का कलेक्शन किया है। इसके बाद अब भारत में इसकी कुल कमाई 283.35 करोड़ पहुंच गई है। सनी देओल और अमीषा की जोड़ी वाली ये फिल्म 300 करोड़ से महज 17 करोड़ रुपए की दूरी पर है। अब उम्मीद जताई जा रही है कि फिल्म आठवें दिन के कलेक्शन के साथ ही 300 करोड़ का आंकड़ा भी पार कर लेगी।
‘गदर 2’ के सात दिन का कलेक्शन
सनी देओल की ‘गदर 2’ ने हफ्तेभर में ताबड़तोड़ कमाई की है। अगर इसकी कमाई की बात पहले दिन से की जाए तो फर्स्ड डे पर इसने 40 करोड़, दूसरे दिन 43.08 करोड़, तीसरे दिन, 51.7 करोड़, चौथे दिन 38.7, पांचवे दिन 55.40 और छठे दिन 32 करोड़ का कलेक्शन किया था। फिल्म के शोज आज भी हाउसफुल जा रहे हैं। फिल्म का बजट लगभग 80 करोड़ बताया जा रहा है। इसके हिसाब से ये ब्लॉकबस्टर हो गई है।
क्या पार कर पाएगी 500 करोड़ का आंकड़ा?
सनी देओल की फिल्म ‘गदर 2’ की कमाई को लेकर अब सबकी नजर इसके दूसरे वीकेंड पर है। ऐसे में सवाल ये है कि क्या ये दूसरे वीकेंड में 500 करोड़ का आंकड़ा पार कर पाएगी? दरअसल, दूसरा वीकेंड आने से पहले शुक्रवार 18 अगस्त को दमदार कहानी के साथ अभिषेक बच्चन की फिल्म ‘घूमर’ रिलीज हुई है, जिसे दर्शकों और क्रिटिक्स से पॉजिटिव रिस्पांस मिल रहा है। ऐसे में इस वीकेंड लोगों के पास सिनेमाघरों में चार ऑप्शन ‘OMG 2’, ‘गदर 2’, ‘जेलर’ और ‘घूमर’ है। अब इस कड़ी में देखना ये होगा कि ‘गदर 2’ की आंधी दूसरे वीकेंड बरकरार रह पाती है या नहीं। अगर रह पाती है तो 500 करोड़ का कलेक्शन पार कर पाएगी या नहीं।