फिल्म निर्माता नितिन मनमोहन (Nitin Manmohan) को 4 दिसंबर को दिल का दौरा पड़ने के बाद अस्पताल में भर्ती किया गया है। दिग्गज फिल्म निर्माता को कथित तौर पर शनिवार शाम को दिल का दौरा पड़ा और उन्हें नवी मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल ले जाया गया। जहां हालत गंभीर होने के कारण उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है।

अस्पताल के अधिकारियों क मुताबिक नितिन मनमोहन की हालत गंभीर है और उन्हें आईसीयू में रखा गया है। बता दें कि नितिन मोहन को ‘बोल राधा बोल’ और ‘लाडला’ जैसी फिल्मों के लिए जाना जाता है।

सूत्रों की मानें तो उनकी तबीयत में सुधार हो रहा है। दवाओं और इलाज से उनमें पॉजिटिव बदलाव आ रहे हैं, हालांकि उनकी हालत अब भी नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों की टीम लगातार उनके हेल्थ अपडेट ले रही है। उन्हें मैसिव हार्ट अटैक आया था, जिसके बाद तत्काल उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। जानकारी के मुताबिक जब उन्हें अस्पताल ले जाया गया, उनकी हालत काफी गंभीर थी।

उनके परिवार के लोग अस्पताल में मौजूद हैं और उनके शुभचिंतक भी अस्पताल में उनकी खैर खबर लेने जा रहे हैं। बॉलीवुड एक्टर अक्षय खन्ना भी उन्हें देखने अस्पताल पहुंचे थे। अक्षय खन्ना, नितिन मनमोहन द्वारा निर्मित कई फिल्मों में काम कर चुके हैं। जिनके नाम हैं, ‘गली गली चोर है’, ‘दीवानगी’ और ‘सब कुशल मंगल’।

बता दें कि नितिन मनमोहन प्रोड्यूसर होने के साथ-साथ एक्टिंग भी की है। उन्होंने दूरदर्शन के टीवी सीरियल भारत के शहीद में स्वतंत्रता सेनानी चंद्रशेखर आजाद की भूमिका निभाई थी। उन्होंने उस धारावाहिक में अभिनेता मनोज कुमार के चचेरे भाई मनीष गोस्वामी के साथ अभिनय किया था।

बता दें कि आजकल हार्ट अटैक की बीमारी आम होती जा रही है। बीते दिनों कई एक्टर्स का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था। हाल ही में साउथ फिल्म इंडस्ट्री के प्रोड्यूसर के.मुरलीधरन का भी दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था।