बॉलीवुड की फेमस कोरियोग्राफर और फिल्ममेकर फराह खान (Farah Khan) आज किसी पहचान की मोहताज नहीं हैं। वो इंडस्ट्री की सफल फिल्ममेकर और कोरियोग्राफर हैं। उनके इशारों पर बड़े से बड़ा स्टार नाच चुका है। और तो और उन्होंने अपने करियर में कई बेहतरीन फिल्में भी दी है। वो इंडस्ट्री की सफल फिल्म निर्माता और कोरियोग्राफर हैं। लेकिन, सफलता की सीढ़ी चढ़ना उनके लिए आसान नहीं रहा। उन्होंने अपनी लाइफ में काफी उतार-चढ़ाव देखे हैं। उनके बचपन के दिन बेहद गरीबी में बीते हैं। उनका बचपन काफी संघर्षों से भरा रहा। पिता कामरान खान पहले से ही स्टंटमैन थे और बाद में प्रोड्यूसर बन गए थे। उन्होंने कई फिल्मों में पैसा लगाया था लेकिन, वो फ्लॉप रहीं। इसकी वजह से वो कंगाल हो गए और परिवार को आर्थिक तंगी से गुजरना पड़ा। फराह ने खुद अपने परिवार की हालत के बारे में बताया था।

दरअसल, फराह खान आज अपना जन्मदिन मना रही हैं। वो 59 साल की हो गई हैं। उनका जन्म 9 जनवरी 1965 को मुंबई में हुआ था। ऐसे में आज उनके बर्थडे के मौके पर आपको उनकी स्ट्रगल लाइफ के बारे में बता रहे हैं। वैसे तो फराह खान का फैमिली बैकग्राउंड फिल्मी ही रहा है। फिल्मों से उनके परिवार का पुराना नाता रहा है। उनके पिता पहले से ही स्टंटमैन थे, जो कि बाद में प्रोड्यूसर बन गए थे। वहीं, उनकी मां मीना ईरानी, वेटरन एक्ट्रेस डेजी और हनी ईरानी की बहन थीं। मीना का राइटर जावेद अख्तर के साथ भी पारिवारिक रिश्ता रहा, क्योंकि हनी ईरानी उनकी पहली पत्नी थीं। इस तरह फराह, फरहान और जोया अख्तर कजिन्स हुए। बावजूद इसके फराह ने काफी मुश्किलों का सामना किया है। उन्होंने खुद बताया था कि जब वो 5 साल की हुईं तो परिवार के बाकी बच्चों की तुलना वो सबसे गरीब थीं।

पिता की मौत के बाद और खराब हो गई घर का आर्थिक स्थिति

फराह खान ने रेडियो नशा से बात करते हुए परिवार की आर्थिक स्थिति के बारे में बताया था। उन्होंने बताया था कि पूरे परिवार में वो और उनके भाई साजिद खान सबसे गरीब कजिन्स थे। पिता का फिल्मों में नुकसान हुआ, जिसकी वजह से वो सभी कंगाल हो गए थे। इसकी वजह से उनके पिता शराब पीने लगे थे। फराह ने बताया था कि जब वो 18 साल की हुईं तो उन्होंने पिता को खो दिया। पिता की मौत के बाद परिवार की स्थिति और भी खराब हो गई थी। हालांकि, फराह ने कहा था कि उनके परिवार वालों ने मुश्किल घड़ी में उनकी काफी मदद की थी। उन्होंने अपने घर में रहने के लिए जगह दी थी।

मौत के वक्त पिता की जेब में थे 30 रुपए

इसके साथ ही फराह खान ने मनीष पॉल के साथ बातचीत में बताया था कि जब उनके पिता की मौत हुई थी तो उनकी जेब में महज 30 रुपए थे। कोरियोग्राफर ने बताया था कि उनके पिता ने निधन से एक रात पहले ताश खेला था और इसकी वजह से मौत के वक्त केवल उनकी जेब में 30 रुपए ही बचे थे। वो भी उन्होंने ताश में जीते थे।

इतना ही नहीं, फराह खान के भाई साजिद खान ने ‘बिग बॉस’ में इस बात का जिक्र किया था कि घर की हालत खराब होने की वजह से पिता के अंतिम संस्कार में उनकी मदद सलमान खान के पिता ने की थी। साजिद ने कहा था कि उनके घर के हालात उस समय इतने खराब थे कि पिता के अंतिम संस्कार तक के लिए उन लोगों के पास पैसे नहीं थे। तब उस समय सलमान खान के पिता सलीम खान ने इसके लिए पैसे दिए थे।

फराह खान के स्ट्रगल से जुड़ी खबर तो आपने पढ़ लिया। इसके साथ ही आप ये भी पढ़ सकते हैं जब 22 साल की उम्र में फराह खान के मन में शादी का ख्याल आया था तो उनकी मां ने उन्हें घर से निकाल देने की धमकी थी। यहां पढ़िए पूरा किस्सा।