प्रियंका चोपड़ा और निक जोनास की शादी पर अब मशहूर एस्ट्रोलॉजर संजय बी जुमानी ने अपनी राय रखी है। ये वही एस्ट्रोलॉजर हैं जिन्होंने तेरह साल पहले ये भविष्यवाणी की थी कि प्रियंका चोपड़ा 36 साल की उम्र में शादी करेंगी और ऐसा ही हुआ। जुमानी ने कहा कि प्रियंका की ज़िंदगी में नंबर 9 का काफी महत्व है। नंबर 9 के लोगों पर मंगल ग्रह का प्रभाव रहता है। ऐसे लोग बेहद महत्वाकांक्षी होते हैं और ये लोग आगे बढ़कर लीड करने में विश्वास करते हैं। ऐसे में ये लोग किसी भी हाल में अपने आपको सेकेंड प्राथमिकता के तौर पर नहीं देखते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रियंका चोपड़ा 45 साल की उम्र में राजनीति में कदम रख सकती हैं। जब वे 18 (यानि नंबर 9) साल की थी, तब उन्होंने मिस वर्ल्ड का खिताब जीता था, 27 (नंबर 9) साल की उम्र में फैशन और दोस्ताना जैसी फिल्में दी थी जिसके बाद वे बॉलीवुड में सुपरस्टार के तौर पर स्थापित हो गई थी। इसके अलावा उनकी अक्षय कुमार के साथ भी ज़बरदस्त केमिस्ट्री देखने को मिली थी जो खुद नंबर 9 हैं।
जुमानी ने कहा कि न्यूमरोलॉजी के हिसाब से प्रियंका का नेचर काफी डॉमिनेटिंग हैं। ऐसे में निक को कई चीज़ों में धैर्य दिखाना होगा। प्रियंका का साइन वॉटर है और ऐसे लोग काफी यात्राएं करते हैं और अपने जन्मस्थल से दूर काफी अच्छा करते हैं। आर्मी ऑफिसर की बेटी होने के चलते प्रियंका ने काफी ट्रैवल किया है और उन्होंने मुंबई में काफी नाम कमाया है। इसके अलावा निक का साइन अर्थ है। अर्थ और वॉटर की तरह दोनों एक दूसरे के लिए ही बने हैं। निक के लिए योगा, प्राणायाम और मेडिटेशन काफी अच्छा रहेगा जबकि प्रियंका के लिए योगा और एक्सरसाइज़ अच्छा रहेगा। शादी के बाद प्रियंका के लिए प्रियंका चोपड़ा अच्छा नहीं रहेगा और अगर अपने नाम में प्रियंका चोपड़ा जोनस लगाती हैं तो ये उनके आगामी जीवन के लिए बेहद शुभ हो सकता है।