स्टार प्लस का सबसे लोकप्रिय शो 13 साल बाद टीवी पर वापस आने वाला है। स्मृति ईरानी के ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ शो के फैंस के लिए अच्छी खबर है। दर्शकों की प्यारी तुलसी अब जल्द टीवी स्क्रीन पर दिखने वाली है। साल 2000 में शुरू हुआ ये सीरियल 2008 में खत्म हो गया था, इतने सालों के बाद एकता कपूर का ये सीरियल दोबारा प्रसारित होने वाला है।

तुलसी-मिहिर की जोड़ी को लोगों ने खूब पसंद किया था। एकता कपूर ने इस शो का प्रोमो शेयर करते हुए बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने स्मृति ईरानी और रोनित रॉय को टैग करते हुए पूछा है, ”इतने सालों बाद प्रोमो देखकर कैसा लगा?”

एकता कपूर ने लिखा, आज मैं पुराने दिनों को मुड़कर देखती हूं तो हर याद, हर पल की याद आती है जिसने इस शो को सबसे प्रिय बना दिया ! उसी प्यार के साथ जुड़िए इस सफर से दोबारा, बुधवार से हर रोज शाम 5 बजे सिर्फ स्टार प्लस पर’।

इस प्रोमो पर फैंस के ढ़ेरों कमेंट्स आ रहे हैं। फैंस लिख रहे हैं कि बीते दिनों की यादें ताजा हो गई।‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ कल यानी बुधवार से स्टार प्लस पर शाम 5 बजे टेलीकास्ट होगा।

आपको बता दें कि एकता कपूर के इस सीरियल से कई कलाकारों ने अपने करियर की शुरुआत की थी। जिसमें से स्मृति ईरानी भी एक हैं। इस सीरियल ने कई लोगों को बुलंदियों पर पहुंचाया है। बच्चे से लेकर बूढ़े तक ये शो को पसंद करते थे।

इस सीरियल में जो सबसे लोकप्रिय किरदार था वो तुलसी बहू यानी स्मृति ईरानी का था। तुलसी को हर घर में प्यार मिला। सीरियल के खत्म होने के बाद स्मृति ईरानी ने राजनीति ज्वाइन कर ली।