Happy Birthday Dulquer Salmaan: बॉलीवुड हो या फिर साउथ, नेपोटिज्म फिल्म इंडस्ट्री का हमेशा से ही हॉट टॉपिक रहा है। आउटसाइडर्स का आरोप रहा है कि नेपोकिड्स की वजह से स्ट्रगलर्स को काम नहीं मिल पाता है और स्टारकिड्स को आसानी से नेम और फेम सब मिल जाता है। काम के लिए भी उन्हें स्ट्रगल नहीं करना पड़ता है। कई एक्टर्स इस बात को मानते हैं कि नेपोकिड्स को काम आसानी से मिल जाता है लेकिन वो इस बात को भी नकारते हैं कि पहचान उन्हें बिना मेहनत के मिलती है। ऐसे में आज आपको साउथ के ऐसे स्टारकिड के बारे में बता रहे हैं, जिनके पिता इंडस्ट्री के सुपरस्टार हैं लेकिन उन्होंने कभी पिता के स्टारडम का फायदा नहीं उठाना चाहा। आज वो जिस मुकाम पर हैं अपनी पहचान और मेहनत के दम पर हैं।
दरअसल, वो स्टारकिड कोई और नहीं बल्कि दुलकर सलमान हैं। वो मलयालम सिनेमा के स्टार एक्टर हैं, जिन्हें ‘सीता रामम’ जैसी फिल्मों के लिए जाना जाता है। दुलकर सलमान आज अपना जन्मदिन मना रहे हैं। वो 42 साल के हो गए हैं और उनका जन्म 28 जुलाई, 1983 को हुआ था। वो मलयालम सिनेमा के दिग्गज कलाकार ममूटी के बेटे हैं। लेकिन, दुलकर की पहचान उनके काम से है। ना कि पिता के स्टारडम से।
दुलकर सलमान ने फिल्मों में आने से पहले अमेरिका से बिजनेस मैनेजमेंट में ग्रैजुएशन किया। इसके बाद वो दुबई की एक आईटी कंपनी में काम करने लगे। एक्टिंग के लिए वो जुनूनी थे इसके चलते लंबे समय तक कंपनी के साथ नहीं जुड़ पाए। वहीं, एक्टिंग तो उनके खून में थी तो वो कैसे कोई और काम कर सकते थे। एक्टिंग के जुनून के चलते दुलकर ने जल्द ही नौकरी छोड़ दिया और भारत लौट आए। यहां आने के बाद उन्होंने पिता के स्टारडम का फायदा नहीं उठाया बल्कि मुंबई में बैरी जॉन एक्टिंग स्टूडियो में तीन महीने का एक्टिंग कोर्स किया।
2012 में किया डेब्यू, स्क्रीन पर गैंगस्टर बनकर आए
मुंबई में एक्टिंग के गुर सीखने के बाद दुलकर सलमान ने साल 2012 में बतौर अभिनेता करियर की शुरुआत की। उनकी पहली फिल्म ‘सेकेंड शो’ थी, जो कि मलयालम की क्राइम फिल्म थी। इसमें उन्होंने एक गैंगस्टर की भूमिका निभाई थी। इसके बाद दुलकर सलमान ने ‘उस्ताद होटल’, ‘एबीसीडी’, ‘बैंगलोर डेज’ जैसी कई फिल्मों में अभिनय किया। उन्हें उनके काम के लिए खूब सराहना मिली। वो समय भी जल्द आ गया जब फैंस ने उन्हें अपना नाम दे दिया। लोग प्यार से उन्हें DQ और Kunjikka बुलाते थे। दुलकर सलमान ने खुद को मलयालम तक ही सीमित नहीं रखा, बल्कि उन्होंने तमिल, तेलुगु और हिंदी समेत सभी भाषाओं की फिल्मों में काम किया।
मलयाली एक्टर ने बॉलीवुड में करियर की शुरुआत साल 2018 में की थी। उनकी पहली फिल्म ‘कारवां’ थी, जिसमें उनके साथ इरफान खान थे और लीड एक्ट्रेस मिथिला पालकर थीं। हालांकि, उनके करियर का टर्निंग प्वॉइंट फिल्म ‘सीता रामम’ थी। इस मूवी में उनके साथ एक्ट्रेस मृणाल ठाकुर थीं। फिल्म में दर्शकों को दुलकर सलमान की एक्टिंग काफी पसंद आई थी और उन्होंने स्क्रीन पर अपने किरदार को जीवंत कर दिया था। वो प्रभास की फिल्म ‘कल्कि 2898 एडी’ में कैमियो करते हुए भी नजर आए थे। इसके अलावा उन्हें आखिरी बार फिल्म ‘लकी भास्कर’ में देखा गया था।
दुलकर सलमान की पर्सनल लाइफ
वहीं, दुलकर सलमान की पर्सनल लाइफ के बारे में बात की जाए तो उन्होंने साल 2011 में अमाल सूफिया से शादी की थी। इस शादी से उनकी एक बेटी है। वो अपनी निजी लाइफ को चकाचौंध भरी दुनिया से दूर रखना पसंद करते हैं। दुलकर को शो बाजी पसंद नहीं है और वो एक सरल और सहज जिंदगी जीना पसंद करते हैं। एक्टिंग के साथ-साथ उन्हें सिंगिंग का भी शौक है। उन्हें साउथ में 5 फिल्मफेयर अवॉर्ड्स, ‘केरल स्टेट फिल्म अवॉर्ड’ और ‘तेलंगाना गदर फिल्म अवॉर्ड’ मिल चुका है। वहीं ‘सीता रामम’ फिल्म के लिए अभिनेता को बेस्ट एक्टर क्रिटिक (तेलुगु) का अवॉर्ड जीता था।