एक्ट्रेस कंगना रनौत ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे पर पलटवार किया है। दरअसल, दशहरा रैली के दौरान सीएम उद्धव ठाकरे ने पीओके और ड्रग्स पर बोलते हुए हिमाचल प्रदेश और कंगना रनौत पर भी बिना नाम लिए निशाना साधा था। उन्होंने अपने बयान में कहा था कि लोगों को नहीं पता कि गांजा की खेती आखिर होती कहां है? इसका जवाब देते हुए कंगना ने एक के बाद एक ट्वीट किये।

कंगना ने उद्धव ठाकरे को जवाब देते हुए लिखा- ‘मुख्यमंत्री जी आपको खुद पर शर्म आनी चाहिए। हिमाचल को देव भूमि कहा जाता है और यहां क्राइम रेट भी जीरो है। यहां सेब उगते हैं..स्ट्रॉबेरी और कीवी भी उगता है। सब उगता है यहां। हमारे प्रदेश में न कोई ज्यादा गरीब है न ज्यादा अमीर है, ना ही हिमाचल में ज्यादा क्राइम है। यह एक आध्यात्मिक जगह है, जहां बहुत सीधे सादे लोग रहते हैं।’

कंगना ने आगे लिखा- ‘पब्लिक सर्वेंट हो कर आप ऐसे टुच्चे मामलों में बयान दे रहे हैं। राज्यों के प्रति आपकी बीमार सोच दिखाई देती है। देश को विभाजित कर रहे हैं, आप महाराष्ट्र के ठेकेदार हैं? आप सिर्फ एक पब्लिक सर्वेंट हैं। आपसे पहले कोई और था। अब जल्द ही आप बाहर हो जाएंगे और कोई अन्य व्यक्ति राज्य की सेवा में आएगा। आप तो ऐसे व्यवहार कर रहे हैं जैसे महाराष्ट्र के ठेकेदार आप हैं?’

कंगना यही नहीं रुकीं, उन्होंने आगे कहा- ‘जैसे रानी लक्ष्मीबाई का क़िला तोड़ा था मेरा घर तोड़ दिया। जैसे सावरकर जी को विद्रोह के लिए जेल में डाला गया था मुझे भी जेल भेजने की पूरी कोशिश की जा रही है, इंटॉलरन्स गैंग से जाकर कोई पूछे कितने कष्ट सहे हैं उन्होंने इस इंटॉलरंट देश में?’

कंगना ने आगे कहा- ‘हिमालय की सुन्दरता हर भारतीय की है। ऐसे ही महाराष्ट्र के साथ भी है। ये दोनों ही मेरे घर हैं। उद्धव ठाकरे हिम्मत मत करना..  हमारे लोकतांत्रिक अधिकारों को छीनने और हमें विभाजित करने की।’