बॉलीवुड एक्टर आयुष्मान खुराना की फिल्म ‘ड्रीम गर्ल’ का दूसरा पार्ट कुछ ही महीनों में बड़े पर्दे पर आने वाला है। फिल्म में आयुष्मान ने पूजा का किरदार निभाया है, जो फोन पर लड़कों से बात करती है और लड़कों को उससे प्यार हो जाता है। इस बार भी सब पूजा की एक झलक के लिए सब बेकरार है। तो बता दें कि ईद के चांद के साथ सभी को पूजा का दीदार भी होने वाला है। इस बात की जानकारी खुद आयुष्मान खुराना ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर दी है।
आयुष्मान खुराना ने एक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें सूर्ख लाल साड़ी पहने आयुष्मान फूलों पर चल रही है। उसकी आंखें और होंठ दिखाए गए हैं, लेकिन पूरा चहरा दिखना बाकी है। इसके साथ एक्टर ने कैप्शन में लिखा,”अपनी जान के साथ ईदी देने आई है पूजा ड्रीम गर्ल। स्वागत नहीं करोगे इनका? ड्रीमगर्ल 7 जुलाई, 2023 को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है।” इसी के साथ वीडियो में पूजा सबको ईद की बधाई भी देती है।
आपको बता दें कि कई दिनों पहले ‘ड्रीमगर्ल’ का टीजर भी रिलीज हुआ था, जिसमें पूजा, ‘पठान’ यानी शाहरुख खान के साथ फ्लर्ट करती नजर आई थी। टीजर में पठान और पूजा की बातचीत दिखाई गई थी। पूजा फोन पर पठान से कहती है,”हेलो मैं पूजा बोल रही हूं। आप कौन?’ इसके बाद दूसरी तरफ से शाहरुख की आवाज में एक शख्स जवाब देता है, ‘मैं पठान बोल रहा हूं।”
बता दें कि ‘ड्रीम गर्ल 2’ बालाजी टेलीफिल्म्स की सफल फिल्म ‘ड्रीम गर्ल’ का सीक्वल है। वह फिल्म साल 2019 में रिलीज हुई थी। इसका पहला पार्ट बॉक्स ऑफिस पर हिट रहा था। फिल्म की अलग कहानी और आयुष्मान खुराना की मजेदार एक्टिंग दर्शकों को काफी पसंद आई थी। फिल्म में आयुष्मान ने महिला का किरदार निभाया है। जो नौकरी के लिए कुछ भी करता है। वह एक ऐसे कॉल सेंटर में नौकरी करता है जहां अकेले लोगों से फोन पर दोस्ती की जाती है।
आयुष्मान भी पूजा बन लोगों से दोस्ती करते हैं। ऐसे में कई लोगों को पूजा से प्यार हो जाता है। फिल्म का कॉन्सेप्ट दर्शकों को काफी पसंद आया था। फिल्म में आयुष्मान के साथ अनन्या पांडे, अनु कपूर, परेश रावल, असरानी, मनजोत सिंह और विजय राज जैसे कई मुख्य कलाकार हैं।