कोरोना काल में दूरदर्शन ने ‘रामायण’ और ‘महाभारत’ जैसे चर्चित धारावाहिकों का पुन: प्रसारण किया था। लॉकडाउन के दौरान घर बैठे लोगों ने इसे खूब भी पसंद किया। इन सीरियल्स में काम करने वाले तमाम कलाकार भी दोबारा चर्चा में आए। रामायण में राम की भूमिका निभाने वाले अरुण गोविल इसी दौरान बीजेपी में भी शामिल हो गए। हालांकि बहुत कम लोग जानते हैं कि 80 के दशक में जिस वक्त रामायण प्रसारित हो रहा था, उस दौरान अरुण गोविल कांग्रेस के लिए प्रचार करने उतरे थे। उन्हें तीखी आलोचना भी झेलनी पड़ी थी।

चर्चित लेखक और पत्रकार विनय सीतापति ने पेंग्विन हिंदी से प्रकाशित अपनी किताब ‘जुगलबंगी: भाजपा मोदी युग से पहले’ में ‘रामायण’ और ‘महाभारत’ से जुड़े किस्सों का विस्तार से जिक्र किया है। वे लिखते हैं, ‘इन सीरियल्स को बनाने और प्रसारित करने का फैसला हिंदुओं की पार्टी ने नहीं लिया था बल्कि नेहरू की पार्टी ने लिया था। अयोध्या आंदोलन का समर्थन करने वाले राजीव गांधी ने शायद सोचा था कि ये हिंदू बहुसंख्यक आबादी को अपने पक्ष में करने का एक तरीका हो सकता है।’

अरुण गोविल ने किया था कांग्रेस का प्रचार:

सीतापति लिखते हैं कि राजीव गांधी ने इसे भुनाने के लिए राम की भूमिका निभाने वाले अभिनेता अरुण गोविल से कांग्रेस का प्रचार भी करवाया था। हालांकि उनकी यह कोशिश नाकाम रही थी। ‘रामायण’ और ‘महाभारत’ से राजीव को कोई खास चुनावी लाभ नहीं हुआ था। उल्टा अरुण गोविल से एक वर्ग खासा नाराज हो गया था। लोग कहने लगे थे- ‘राम चला है रावण के लिए वोट मांगने’।

विज्ञापन से हर हफ्ते 4 करोड़ डॉलर कमा लेता था दूरदर्शन:

साल 1987 से 1988 के बीच प्रसारित 78 एपिसोड के रामायण की लोकप्रियता का आलम ये था कि दूरदर्शन के पास विज्ञापनों की कतार लग गई थी। दूरदर्शन को हर हफ्ते रामायण के प्रसारण से उस दौर में 4 करोड़ डॉलर की कमाई हो रही थी। ये धारावाहिक उस दौर में टेलीविजन का सबसे ज्यादा देखा जाने वाला कार्यक्रम बन गया था।

रामायण खत्म हुआ तो हो गई थी हड़ताल:

विनय सीतापति अपनी किताब में लिखते हैं कि रामायण की लोकप्रियता का आलम ये था कि उत्तर प्रदेश के मेरठ में रविवार की सुबह गलती से भी बिजली कट जाती तो लोग बिजलीघर पर हंगामा काट देते थे। 1988 में जब यह सीरियल खत्म होने लगा तो इसे आगे बढ़ाने की मांग पर जालंधर के सफाई कर्मचारी हड़ताल पर चले गए थे। इसके कुछ ही महीने बाद दूरदर्शन ने महाभारत का प्रसारण शुरू किया था।