मायानगरी मुंबई में कई नए चेहरे अपने सपने लेकर आते हैं और इस भीड़ में कहां गायब हो जाते हैं पता ही नहीं चलता है। कुछ अपनी किस्मत चमकाने में कामयाब हो पाते हैं तो कुछ थक-हारकर घर वापसी कर लेते हैं। 90 के दशक में भी कई ऐसे सेलेब्स रहे हैं, जो फिल्म इंडस्ट्री में जोश के साथ तो आए और कई फिल्मों में काम भी किया। फिर रातोंरात लाइम भी बटोरी मगर अचानक कहां गायब हो गए इसके बारे में किसी को पता ही नहीं चला। इसी में से आपको संजय कपूर की उस हीरोइन के बारे में बता रहे हैं, जिसका गाना और फिल्म आज भी लोगों के जहन में है लेकिन, वो खुद पिछले 18 सालों से गायब है।
आपको 90s का हिट सॉन्ग ‘पहली पहली बार मोहब्बत की है’ तो याद होगा। ये संजय कपूर की फिल्म ‘सिर्फ तुम’ में फिल्माया गया था। इसमें संजय ने दीपक का रोल प्ले किया था और उनके अपोजिट एक भोली भाली सी दिखने वाली एक्ट्रेस को देखा गया था, जिसके किरदार का नाम आरती था। फिल्म में दोनों की केमिस्ट्री खूब जमी थी। अभिनेत्री के संजिदा अभिनय और सादगी को काफी पसंद किया गया था। इसमें सपोर्टिंग कैरेक्टर में सुष्मिता सेन भी थीं। मूवी भी हिट रही थी और संजय के अपोजिट कास्ट की गई एक्ट्रेस के काम को भी खूब सराहा गया था। लेकिन, अब वो पिछले 18 साल से गायब हैं। वो कोई और नहीं बल्कि प्रिया गिल हैं।
‘सिर्फ तुम’ में संजय कपूर के अपोजिट प्रिया गिल को देखा गया था। वो बॉलीवुड की उन अभिनेत्रियों में से रही हैं, जो बेहद कम समय में ही दर्शकों के दिल को जीत लिया। उनकी खूबसूरती, भोलापन और प्यारी मुस्कान ने स्क्रीन पर गजब का जादू चलाया। प्रिया ने ना केवल बॉलीवुड में बल्कि साउथ और भोजपुरी में भी अपनी एक्टिंग का लोहा मनवाया। उन्होंने जितने कम समय में सफलता का स्वाद चखा उतने ही जल्दी एक्ट्रेस फिल्मों से भी गायब हो गईं।
अरशद वारसी संग किया था डेब्यू
प्रिया गिल ने अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत साल 1996 में की थी। उनकी पहली फिल्म ‘तेरे मेरे सपने’ अरशद वारसी के साथ थी। लेकिन, ये बॉक्स ऑफिस पर खास कमाल नहीं दिखा पाई थी। वो अपने करियर में शाहरुख खान से लेकर सुनील शेट्टी जैसे स्टार्स के साथ काम कर चुकी थीं। लेकिन बड़े ही जल्दी वो पर्दे से गायब हो गईं। आज वो ‘सिर्फ तुम’ में आरती के किरदार के लिए जानी जाती हैं। जबकि वो शाहरुख खान के साथ फिल्म ‘जोश’ में भी नजर आ चुकी हैं। बॉलीवुड में खास सफलता नहीं मिल पाई तो साउथ का रुख किया। मलयालम फिल्म ‘मेघम’ की। इसके बाद भोजपुरी में काम किया। मगर करियर में कुछ कमाल नहीं हो पाया। उनका फिल्म सफर केवल 10 साल का रहा। आखिरी बार उन्हें फिल्म ‘भैरवी’ में साल 2006 में देखा गया था।
एक झूठी खबर और बर्बाद हो गया करियर
प्रिया गिल रातोंरात हिट हुईं और रातोंरात ही गायब भी हो गईं। कई रिपोर्ट्स की मानें तो प्रिया ने स्क्रीन से दूरी एक फेक न्यूज की वजह से बनाई। आज तक में छपी खबर की मानें तो कई रिपोर्ट्स में कहा जाता है कि एक बार खबर वायरल हुई थी कि प्रिया ने एक गुरुद्वारे में गरीब बच्चों को खाना बांटा था, जिसके बाद वो विवादों में आ गई थीं। माना जाता है कि इस फेक न्यूज के बाद उन्होंने मीडिया और फिल्मों से दूरी बना ली। वहीं, कुछ रिपोर्ट्स में ये भी कहा जाता है कि वो इंटीमेट सीन्स करने में कंफर्टेबल नहीं थीं तो इस वजह से दूरी बनाई। हालांकि, इन बातों की कभी पुष्टि नहीं हुई। एक्ट्रेस सोशल मीडिया पर भी एक्टिव नहीं हैं। कहा जाता है कि वो विदेश में सेटल हो गई हैं और शादीशुदा जिंदगी को इन्जॉय कर रही हैं।