‘मेहंदी लगा के रखना’, ‘घर आजा परदेसी’, ‘हो गया है तुझको तो प्यार सजना’, ये सभी गाने 90 के दशक में काफी पॉपुलर रहे और आज भी इन गानों को लोग काफी पसंद करते हैं। ये गाने शाहरुख खान और काजोल की सुपरहिट फिल्म ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’ के हैं। इस फिल्म के लगभग सभी गाने हिट रहे हैं। फिल्म को 1995 में रिलीज किया गया था। इसके सिर्फ गाने ही नहीं बल्कि सिमरन (काजोल) से लेकर राज मल्होत्रा (शाहरुख खान), चौधरी बलदेव सिंह (अमरीश पुरी), धरमवीर मल्होत्रा (अनुपम खेर) और लाजवंती (फरीदा जलाल) जैसे किरदारों को भी काफी पसंद किया गया था। वहीं, इसी में से एक रोल प्रीति सिंह का भी था। इस कैरेक्टर को भी फिल्म में काफी पसंद किया गया था। लेकिन, क्या आपको याद है कि इसे प्ले किसने किया था? चलिए उनके बारे में हम बताते हैं।

‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’ (DDLJ) में प्रीति सिंह के रोल को किसी और ने नहीं बल्कि मंदिरा बेदी ने निभाया था, जो आज एकदम बदल चुकी हैं। छोटे हेयर कट और बदले लुक की वजह से आपको यकीन ही नहीं होगा कि ये वही हैं। फिल्म में उन्हें एकदम सिंपल और सहज पंजाबी लड़की के रोल में देखा गया था। फिल्म के सुपरहिट गाने ‘मेहंदी लगा के रखना’ में मंदिरा ने शाहरुख खान के साथ जबरदस्त डांस भी किया था। इसे सरोज खान ने कोरियोग्राफ किया था। इस गाने की शूटिंग के दौरान वो सरोज खान से सहम गई थीं। इसका किस्सा उन्होंने खुद बताया था।

दरअसल, मंदिरा बेदी आज अपना जन्मदिन मना रही हैं। उनके बर्थडे के मौके पर आपको उनके बारे में बता रहे हैं। वो आज 52 साल की हो गई हैं। उनका जन्म 15 अप्रैल 1972 को कोलकाता में हुआ था। मंदिरा के पिता का नाम वीरेंद्र सिंह बेदी और मां का नाम गीता बेदी है। एक्ट्रेस ने अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत टीवी से की थी और घर-घर में ‘शांति’ बनकर फेमस हुई थीं। मंदिरा ने 90 के दशक के पॉपुलर शो ‘शांति’ में शांति का लीड रोल प्ले किया था। इसके बाद उन्होंने ‘औरत’ और ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ जैसे शोज में काम किया। आज वो एक बेहतरीन अदाकारा होने के साथ ही एक शानदार टीवी प्रजेंटर भी हैं। उन्होंने बतौर एंकर आईपीएल सीजन-3 का कवरेज किया था।

DDLJ की शूटिंग के दौरान रोने लगी थीं मंदिरा बेदी

मंदिरा बेदी ने टीवी के बाद फिल्मों में एंट्री की और फिर DDLJ में काम कर नाम कमाया। इस फिल्म से जुड़ा एक किस्सा भी है, जिसके बारे में एक्ट्रेस ने खुद बताया था। उन्होंने बताया था कि वो इसकी शूटिंग के दौरान रोने लगी थीं। क्योंकि उनको सरोज खान से खूब डांट पड़ी थी। मंदिरा बेदी ने बॉम्बे टाइम्स से बात करते हुए बताया था कि फिल्म का गाना ‘मेहंदी लगा के रखना’ के शूट पर सरोज खान से वो बुरी तरह से डर गई थीं। वो बिल्कुल भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं करती थीं। खासकर तब जब वो डांस सिखा रही होतीं और कोई तालमेल ना बैठ पाए तो वो उसे डांट देती थीं।

मंदिरा बेदी ने बताया था कि कोरियोग्राफर सरोज खान ने उनके डांस मूव्स की तुलना सनी देओल के डांस से कर दी थी। सरोज खान ने उनके डांस मूव्स को देखकर कहा था कि उनके डांस मूव्स सनी देओल की तरह हैं। उन्होंने डांटते हुए कहा था कि मंदिरा को कमर तक मटकानी नहीं आती। वो सेट पर रोने भी लगी थीं। हालांकि, मंदिरा ने बाद में काफी मेहनत की और इस गाने को अच्छे से कर पाई थीं।

क्राइम-थ्रिलर फिल्मों के हैं शौकीन तो ओटीटी पर मौजूद इन 5 मूवी को कर लें अपनी लिस्ट में शामिल, सस्पेंस देख खुली रह जाएंगी आंखे