‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ फेम गरुचरण सिंह कुछ महीने पहले घर से चले गए थे और 26 दिन बाद लौटे थे। इतने दिनों तक उनका कोई अता-पता नहीं था। उन्होंने बताया था कि वो आध्यात्मिकता की राह पर निकल गए थे और वहां से लौटने के बाद उन्होंने अन्न त्याग दिया था। साथ ही ये भी कहा था कि उन्हें काम नहीं मिल रहा है। अब कुछ दिन पहले गुरुचरण ने अस्पताल के बेड से वीडियो शेयर किया, जिससे उनके फैंस काफी परेशान हो गए। अब उनकी दोस्त भक्ति सोनी ने बताया कि उनकी हालत काफी खराब है और 13-14 जनवरी तक पता चलेगा कि वो इस दुनिया में हैं या नहीं?

गुरुचरण ने की मौत की भविष्यवाणी

ये पढ़कर आपको अजीब लगेगा, लेकिन आपको बता दें कि ये खुद गुरुचरण के शब्द हैं। दरअसल भक्ति ने बताया कि गुरुचरण आध्यात्मिकता के रास्ते पर निकल गए हैं और उन्होंने खाना पीना छोड़ दिया है। भक्ति ने कहा है, “मुझे बताया गया था कि 13 या 14 जनवरी को मुझे समझ में आ जाएगा कि वो इस धरती पर रहेंगे या नहीं रहेंगे। ये उनके शब्द थे।”

भक्ति ने बताया है कि जब लापता होने के बाद गुरुचरण लौटे थे, तभी से उन्होंने खाना छोड़ दिया था और अब 19 दिनों से वो पानी भी नहीं पी रहे हैं। गुरुचरण ने इंस्टाग्राम पर जो वीडियो शेयर किया था उसमें वो हाथ में IV ड्रिप लगाए नजर आ रहे हैं और बता रहे हैं कि उनकी तबीयत ठीक नहीं है।  अब उनकी खास दोस्त भक्ति सोनी ने एक्टर की हेल्थ को लेकर अपडेट दिया है।

कहां गायब हुए थे गुरुचरण सिंह?

वापस लौटने के बाद गुरुचरण सिंह ने बॉम्बे टाइम्स को दिए इंटरव्यू में सब बताया था। उन्होंने बताया था कि कोरोना वायरस से फैली महामारी के बाद से कई चीजें खराब हो गई हैं। तभी से वो मुंबई छोड़कर अपने पिता के साथ रहने चले गए हैं और उनके पिता की सर्जरी भी हुई। उन्होंने खुद का बिजनेस किया और वो भी नहीं चला। उन्हें बिजनेस में धोखा मिला और उनकी संपत्ति को लेकर भी विवाद चल रहा है। जिससे उनकी आर्थिक स्थिति खराब चल रही है। इन सब से परेशान होने के कारण उनका झुकाव भगवान की तरफ हो गया और वो संन्यासी बनने निकल पड़े।

भगवान ने दिया था संकेत

गुरुचरण ने बताया कि उनका घर लौटने का कोई इरादा नहीं था, लेकिन भगवान से मिले संकेत के बाद वो लौटे। गुरुचरण ने कहा था कि वो अपने परिवार का सारा कर्ज चुकाना चाहते हैं और इसके लिए खूब पैसा कमाना चाहते हैं। फिलहाल उनके फैंस काफी परेशान हैं और उनके ठीक होने की प्रार्थना कर रहे हैं।