बॉलीवुड इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आ रही है। जाने-माने निर्देशक संजय गढ़वी का निधन हो गया है। उन्होंने आज रविवार, 19 नवंबर की सुबह करीब 10 बजे आखिरी सांस ली है। वह महज 57 साल के थे।
संजय गढ़वी के निधन से बॉलीवुड इंडस्ट्री में शो का महौल है। बताया जा रहा है कि संजय गढ़वी की मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई। जानकारी के अनुसार, वह सुबह लोखंडवाला बैकरोड में जब मॉर्निंग वॉक करने के लिए जा रहे थे, तभी अचानक से उनके सीने में दर्द हुआ। इसके बाद उन्हें आनन-फानन में कोकिलाबेन अंबानी अस्पताल ले जाया गया, जहां पर डॉक्टरों ने संजय गढ़वी को मृत घोषित कर दिया। संजय गढ़वी के निधन से पूरी फैमिली शॉक में है।
मॉर्निग वॉक के दौरान आया अटैक
अभी तक मिली जानकारी के मुताबिक संजय जहां वॉक कर रहे थे, वहां से हॉस्पिटल की दूरी मात्र एक से डेढ़ किलोमीटर ही थी, रास्ते में कोई ट्रैफिक भी नहीं था। इसके बावजूद भी उन्हें बचाया नहीं जा सका। फिलहाल संजय का पार्थिव शरीर कोकिलाबेन अंबानी हॉस्पिटल में ही है। रिपोर्ट के मुताबिक 19 नवंबर की देर शाम तक संजय गढ़वी का अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनके निधन के बाद कई जानी-मानी हस्तियां सोशल मीडिया पर शोक व्यक्त कर रही हैं।
इस मुद्दे पर बनाने वाले थे फिल्म
गौरतलब है कि संजय गढ़वी ने बीते दिनों अनाउंस किया था कि वो श्रीकृष्ण जन्मभूमि और शाही ईदगाह मस्जिद के विवाद पर बेस्ड फिल्म बनाने जा रहे हैं। रिपोर्ट्स की मानें तो इस फिल्म की शूटिंग भी शुरू हो चुकी थी। उन्होंने बॉलीवुड को कई शानदार फिल्में दी हैं। संजय ने यशराज फिल्म्स के साथ मिलकर जॉन अब्राहम, अभिषेक बच्चन, ऐश्वर्या राय बच्चन और ऋतिक रोशन स्टारर ‘धूम’ और ‘धूम 2’ का निर्देशन किया था। संजय को धूम और धूम 2 के बाद ही असली पहचान मिली थी।
इन फिल्मों को किया डायरेक्ट
‘धूम’ फ्रैंचाइज देश की सबसे बड़ी फिल्म फ्रैंचाइज में से एक है, जिसकी शुरुआत 2004 में हुई थी। इसकी पहली दो फिल्में संजय गढ़वी ने डायरेक्ट की थीं। वहीं तीसरी फिल्म ‘धूम 3’ को विजय कृष्ण आचार्य ने डायरेक्ट किया था। ‘धूम’ के अलावा संजय ने ‘तेरे लिए’, ‘किडनैप’, ‘मेरे यार की शादी है’, ‘ऑपरेशन परिंदे’ और ‘अजब गजब लव’ जैसी शानदार फिल्मों का निर्देशन भी किया था।