भारत में कोरोना वायरस (Coronavirus) से संक्रमित मरीजों की संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है जिसके चलते पूरे देशभर में गमगीन माहौल है। ऐसे में बॉलीवुड सेलेब्स लोगों को मोटिवेट करने के लिए आगे आ रहे हैं और वीडियो या पोस्ट के माध्यम से पॉजिटिव संदेश दे रहे हैं। अभी कुछ देर पहले ‘बधाई हो’ फेम एक्ट्रेस नीना गुप्ता ने एक वीडियो शेयर करते हुए फैंस को मोटिवेट किया है।

नीना गुप्ता ने वीडियो में कहा, ‘आज कल सब कहते हैं कि पॉजिटिव रहो पर सच कहूं तो कभी-कभी ऐसा निराशाजनक माहौल हो जाता है कि किसी का भी पॉजिटिव रह पाना संभव नही है। जब कभी टीवी खोलो न्यूज़ देखो तो खबरों को सुन बहुत ज्यादा दुख होता है। लोग भूखे-प्यासे पैदल चले जा रहे हैं, ये देखकर कौन पॉजिटिव रह सकता है। लेकिन फिर भी जो कुछ भी हो हमें अच्छा सोचना है और पॉजिटिव रहना है।’

नीना गुप्ता ने आगे कहा, ‘इस माहौल में पॉजिटिव रहने के लिए हमें सबसे पहले किसी भी नकारात्मक विचार को अपने अंदर नही आने देना है। हमें किसी की आलोचना नही करनी है कि ये सब उसकी वजह से हुआ या किसकी वजह से हुआ। हमें बस पॉजिटिव रहना है और उस काम को करना है जिसमें हमे सबसे ज्यादा खुशी मिले।’

बता दें कि केवल भारत ही नही बल्कि पूरा विश्व इस समय कोरोना वायरस की मार झेल रहा है। कोरोना वायरस के बढ़ते प्रसार को रोकने के लिए भारत सरकार ने पूरे देश में 21 दिनों का लॉकडाउन किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि लोगों की जान बचाने के लिए अगर 21 दिन का लॉक डाउन नहीं किया गया तो फिर देश को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। इस वक़्त देश में कोरोना से मरने वालों की संख्या 19 हो गई है। वहीं 800 से ज्यादा लोग इससे संक्रमित पाए गए हैं।