बॉलीवुड की देसी गर्ल कही जाने वाली एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा (Priyanka Chopra) आज के समय में ग्लोबल स्टार बन चुकी हैं। झारखंड के जमशेदपुर से ताल्लुक रखने वाली एक्ट्रेस प्रियंका आज 42 साल की हो गई हैं। उनका जन्म 18 जुलाई, 1982 को हुआ था। आज वो भले ही एक सफल एक्ट्रेस के तौर पर जानी जाती हैं लेकिन, उनके लिए यहां तक पहुंचना आसान नहीं था। उन्होंने रंगभेग से लेकर तानों तक को फेस किया है। यहां तक कि तानों से बचने के लिए एक्ट्रेस ने बाथरूम में छिपकर खाना खाया है। फिल्मों में आने से पहले प्रियंका महज 18 साल की उम्र में मिस वर्ल्ड का खिताब जीतकर अपनी पहचान बना चुकी थीं। इसके बाद तमिल सिनेमा से एक्टिंग करियर की शुरुआत की। फिर बॉलीवुड में एंट्री मारी और छा गईं। इसके बाद उन्होंने हॉलीवुड में भी काम किया। बाद में निक जोनस से शादी करके वो अमेरिका में सेटल हो गईं। लेकिन, क्या आप जानते हैं एक्ट्रेस को पहली बार प्यार 10वीं क्लास में हुआ था और बॉयफ्रेंड के साथ रंगे हाथ पकड़ी भी गई थीं? नहीं तो चलिए हम आपको इस किस्से के बारे में बताते हैं।

सिनेमा जगत में एंट्री मारने के बाद प्रियंका चोपड़ा का नाम बड़े स्टार्स के साथ जुड़ा। इसमें अक्षय कुमार जैसे कई एक्टर्स रहे हैं, जिनके साथ प्रियंका के अफेयर के खूब चर्चे रहे। लेकिन, अंत में उन्होंने निक जोनस से शादी कर सभी को हैरान कर दिया था। अब ना तो निक और ना ही कोई बॉलीवुड स्टार प्रियंका का पहला प्यार नहीं था। बल्कि उन्हें पहली बार प्यार 10वीं क्लास में हुआ था। इसके बारे में एक्ट्रेस ने खुद शेयर किया था। प्रियंका चोपड़ा पर लिखी गई किताब ‘अनफिनिस्ड’ में इस बात का जिक्र किया गया है। उन्होंने बताया था कि वो बॉयफ्रेंड के साथ पकड़ी भी गई थीं।

जब प्रियंका को लगा सच में शादी कर रही हैं

प्रियंका चोपड़ा ने बताया कि वो पहली बार बॉयफ्रेंड बॉब से मिली थीं, जब 10वीं क्लास में पढ़ती थीं। नॉर्थ सेंट्रल हाई स्कूल में दोनों साथ पढ़ते थे। बॉब उनकी क्लास के बाहर खड़े होकर तब तक हरकतें कर प्रियंका को हंसाते रहते थे जब तक कि क्लास ओवर ना हो जाए। एक्ट्रेस उसके साथ ज्यादा से ज्यादा वक्त बिताती थीं। हाथों में हाथ पकड़कर चलती थीं। एक दिन तो एक्ट्रेस को लगा कि सच में उनकी शादी हो रही है। दरअसल, बॉब ने अपने गले गोल्ड की मोटी चेन निकालकर एक्ट्रेस के गले में पहना दी। उस पल प्रियंका को लग रहा था कि वो सच में शादी कर रही हैं।

मासी ने पकड़ा था रंगे हाथ

प्रियंका चोपड़ा अपनी मासी के घर पर रहती थीं और उनके घर डेटिंग जैसी चीजों की परमिशन नहीं थी। प्रियंका ने बताया था कि वो अपनी मासी के आगे ओवरस्मार्ट बनने की कोशिश कर रही थीं लेकिन उनकी किरण मासी उनसे ज्यादा चालाक थीं। उन्होंने बॉब से बात करने के लिए टेक्निक अपनाई थी। बॉब अपनी बहन से उनके घर पर फोन करवाते ताकि मासी लड़की दोस्त समझकर प्रियंका से बात करवा दें फिर एक दिन एक्ट्रेस की किरण मासी ने दूसरी लैंडलाइन पर उनकी फोन कॉल को सुन लिया। इसके बाद फोन कॉल्स बंद हो गईं।

मासी के आगे नहीं चली प्रियंका की कोई ट्रिक्स

प्रियंका ने दूसरी ट्रिक अपनाई सेक्स एजुकेशन की एक्स्ट्रा क्लास के बहाने से वो बॉब के साथ घर आती थीं और बाहर बस स्टॉप पर ही उतर जाती थीं ताकि मासी को लगे कि वो बस से आई हैं। फिर एक दिन इसका भी भांडाफोड़ हो गया है जब एक्ट्रेस की किरण मासी ने उनका स्कूल से पीछा किया और बॉयफ्रेंड के साथ पकड़ लिया। एक्ट्रेस ने तीसरी ट्रिक अपनाई बॉब को घर बुलाने की जब वो रंगे हाथ पकड़ी गईं। प्रियंका ने एक दिन बॉब को घर बुलाया, जब उनकी मासी घर पर नहीं थीं। इस दौरान एक्ट्रेस अपनी फर्स्ट किस बस करने वाली ही थीं कि मासी आ गईं और उन्होंने बॉब को अलमारी में छिपा दिया लेकिन वो भी कहां मानने वाली थीं। उनके कुछ अटपटा सा लगा। उन्होंने घर में खोजना शुरू कर दिया। बाद में अलमारी खुलवाई तो सामने बॉब थे।

इसके बाद प्रियंका की मासी ने उनकी मां को फोन कर सारे हालात के बारे में बताया। वो लोग आनन-फानन उनके पास आए। इस घटना के बाद एक्ट्रेस को घर यानी कि इंडिया में वापस बुला लिया गया और यहां आने के बाद उन्होंने अपने करियर पर ध्यान दिया। बाद में 18 साल की उम्र में वो मिस वर्ल्ड बनीं और इतिहास ही रच दिया।