बॉलीवुड एक्टर रणबीर कपूर (Ranbir Kapoor) ने फिल्मों में अपने करियर की शुरुआत साल 2007 में की थी। उनकी पहली फिल्म ‘सांवरिया’ थी। इसमें उनके साथ सोनम कपूर थीं। फिल्म भले ही फ्लॉप रही लेकिन, उनक एक्टिंग को काफी पसंद किया गया था। इसके बाद रणबीर कपूर ने अपने करियर में ‘संजू’ और ‘बर्फी’ जैसी हिट फिल्मों में काम किया। स्क्रीन पर एक्टिंग का लोहा मनवाया। प्रोफेशनल लाइफ के साथ ही रणबीर पिता ऋषि कपूर के साथ अपनी बॉन्डिंग को लेकर भी काफी चर्चा में रहे हैं। ऋषि ने खुद बेटे के साथ अपनी बॉन्डिंग को लेकर एक बार बात की थी और बताया था कि वो बच्चों के साथ काफी स्ट्रिक रहे हैं। चलिए बताते हैं इस किस्से के बारे में…

दरअसल, रणबीर कपूर आज अपना 42वां जन्मदिन सेलिब्रेट कर रहे हैं। उनका जन्म 28 सितंबर, 1982 को मुंबई में हुआ था। ऐसे में खास मौके पर आपको ऋषि कपूर संग उनके रिश्ते के बारे में बता रहे हैं, जिसके बारे में ऋषि ने खुद शेयर किया था। ऋषि कपूर साल 2015 में ‘द अनुपम खेर शो: कुछ भी हो सकता है 2’ में पहुंचे थे। इस दौरान एक्टर ने काफी कुछ शेयर किया था। इसी बातचीत में एक्टर ने बेटे रणबीर कपूर के साथ अपने रिश्ते को लेकर भी बात की थी।

ऋषि कपूर ने बेटे रणबीर कपूर के साथ अपने रिश्ते को लेकर कहा था कि फिल्म इंडस्ट्री में ऐसे बहुत से पेरेंट्स हैं, जो अपने बच्चों के साथ दोस्तों की तरह रहते हैं। दोस्त मानते हैं। लेकिन, उनका उनके पिता के साथ रिश्ता ऐसा नहीं रहा और उन्होंने इसी वजह से ही बेटे रणबीर से भी दोस्ती का रिश्ता नहीं रखा। उनका मानना था कि हो सकता है कि उनके सामने शीशे की दीवार रही है।

बाप हूं दोस्त नहीं- ऋषि कपूर

ऋषि ने आगे बताया था कि शीशे की दीवार का मतलब है एक-दूसरे को देखा जा सकता है लेकिन महसूस नहीं कर सकते हैं। वो चाहते थे कि उन्हें वो पॉजिशन जरूर दी जाए कि वो उनके (रणबीर) के बुजुर्ग हैं। वो उनके बाप हैं उनका दोस्त नहीं। ऋषि कपूर से पूछा गया था कि वो ऐसा क्यों सोचते हैं? तो इसके जवाब में एक्टर ने कहा था कि शायद उन्होंने अपने दादा के साथ अपने पिता को ऐसे ही देखा था। ऋषि का कहना था कि उनके पिता ने भी उनके साथ ऐसा ही किया था। दिवंगत एक्टर ऋषि ने इस बारे में भी बात की थी कि उन्होंने रणबीर को क्या दिया है? तो इसके जवाब में एक्टर ने कहा था कि उन्होंने रणबीर को दिया कि वो बड़ों की इज्जत करें।

आपको बता दें कि ऋषि कपूर का साल 2020 में कैंसर की वजह से निधन हो गया था। उनकी आखिरी फिल्म ‘शर्माजी नमकीन’ थी।

रणबीर कपूर का प्रोफेशनल फ्रंट

बहरहाल, अगर रणबीर कपूर के वर्कफ्रंट की बात की जाए तो वो आखिरी बार फिल्म ‘एनिमल’ में नजर आए थे। इसे पिछले साल अंत में रिलीज किया गया था, जिसने बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ कमाई की थी। इसके बाद वो फिल्म के सीक्वल में नजर आने वाले हैं। इसके अलावा वो ‘ब्रह्मास्त्र 2’ में भी दिखाई देने वाले हैं।