CAA protest को लेकर लगातार बॉलीवुड सेलेब्स की ओर से प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। अभिनेता-फिल्म निर्माता फरहान अख्तर ने नागरिकता संशोधन कानून (CAA) के खिलाफ ट्विटर पर लोगों को मुंबई स्थित अगस्त क्रांति मैदान में प्रदर्शन करने के लिए आमंत्रित किया है। हालांकि इससे अभिनेता खुद भी परेशानी में पड़ गए हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सीनियर आईपीएस अधिकारी संदीप मित्तल ने फरहान पर कानून तोड़ने का आरोप लगाया है।

भारतीय दंड संहिता की धारा 121 की जानकारी देते हुए एक वीडियो पोस्ट कर मित्तल ने कहा, “आपको भी यह जानने की जरूरत है कि आपने भारतीय दंड संहिता की धारा 121 के तहत अपराध किया है और यह अनजाने में नहीं किया है। मुंबई पुलिस और राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) क्या आप सुन रहे हैं। कृपया देश के बारे में सोचें, जिसने आपको जीवन में सब कुछ दिया है। कानून को समझो।”

गौरतलब है कि इससे पहले फरहान ने CCA विरोधी प्रदर्शन के संबंध में ट्वीट किया था, “यहां आपको यह जानने की जरूरत है कि ये विरोध प्रदर्शन महत्वपूर्ण क्यों हैं। 19 अगस्त को मुंबई स्थित अगस्त क्रांति मैदान में मिलते हैं। सिर्फ सोशल मीडिया पर विरोध प्रदर्शन करने का समय खत्म हो गया है।”

आपको बता दें कि बॉलीवुड एक्टर फरहान अख्तर भी आज नागरिकता संशोधन कानून और जामिया में दिल्ली पुलिस के एक्शन के विरोध में मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में प्रदर्शन करने जा रहे हैं। उन्होंने इस बात की पुष्टि खुद अपने ट्विटर अकाउंट के जरिए कल की थी।

वहीं दीपिका पादुकोण ने दिल्ली के हालात को देखते हुए यहां अपनी आने वाली फिल्म छपाक के प्रमोशन का इवेंट रद्द कर दिया है। ये मूवी सिनेमाघरों में 10 जनवरी को रिलीज हो रही है। आधिकारिक बयान जो मूवी मेकर्स की ओर से आया है उसके मुताबिक, ‘ऐसी स्थिति में जबकि शहर के हालात काफी नाजुक हों इस फिल्म का प्रमोशन उचित नहीं होगा।’ आपको बता दें कि दिल्ली में पिछले कई दिनों से प्रदर्शन और हिंसा जारी है।

एक्टर अनन्या पांडेय ने इस मामले पर जूम टीवी से बात करते हुए कहा, ‘मैं पूरी तरह शांति और अहिंसा में विश्वास रखती हूं। हमें सभी धर्मों का सम्मान करना चाहिए और शांति, दया और संप्रभुता में विश्वास रखना चाहिए।’ अनन्या ने कहा कि ये बहुत जरूरी है कि अपनी आवाज उठाएं और बड़ी जिम्मेदारी के साथ उठाएं। लेकिन अगर आप आवाज किसी मुद्दे पर उठाते हैं तो पहले उस विषय की पूरी जानकारी आपको होनी चाहिए।