Box Office Report 2025: साल 2025 का पहला क्वार्टर पूरा हो गया है और इन तीन महीनों में बॉलीवुड की कई फिल्में सिनेमाघरों में रिलीज हुई। इसमें सोनू सूद की ‘फतेह’ से लेकर सलमान खान की ‘सिकंदर’ तक शामिल है। हालांकि, इस बार लोगों ने बहुत ही कम फिल्मों को पसंद किया। ऐसे में कुछ मूवीज बॉक्स ऑफिस पर पस्त हो गईं, तो कुछ ने ठीक-ठाक कलेक्शन किया। चलिए आपको बताते हैं, 2025 के पहले क्वार्टर में रिलीज हुई फिल्मों की बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट के बारे में।
फतेह (Fateh)
सोनू सूद, जैकलीन, शिव ज्योति राजपूत और नसीरुद्दीन शाह स्टारर फिल्म ‘फतेह’ 10 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। इस मूवी का निर्देशन खुद सोनू ने ही किया था। ये मूवी बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाई और पिंकविला की रिपोर्ट के अनुसार, यह डिजास्टर साबित हुई। फिल्म ने सिर्फ 12.50 करोड़ का बिजनेस किया था।
इमरजेंसी (Emergency)
‘इमरजेंसी’ फिल्म में कंगना रनौत, अनुपम खेर, श्रेयस तलपड़े, महिमा चौधरी समेत कई स्टार्स दिखाई दिए थे। इस मूवी का निर्देशन और निर्माण कंगना ने ही किया था। फिल्म में उन्होंने इंदिरा गांधी का रोल प्ले किया। एक्ट्रेस को अपनी इस मूवी से काफी उम्मीदें थी, लेकिन यह मूवी भी बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाई। पिंकविला की रिपोर्ट के अनुसार, मूवी ने सिर्फ 14 करोड़ का बिजनेस किया और यह भी डिजास्टर साबित हुई।
आजाद (Azaad)
अभिषेक कपूर के निर्देशन में बनी फिल्म ‘आजाद’ भी 17 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। इस मूवी की बॉक्स ऑफिस पर कंगना ‘इमरजेंसी’ से टक्कर हुई। फिल्म में अजय देवगन, रवीना टंडन की बेटी राशा और अजय के भांजे अमान थे। ये राशा और अमान की डेब्यू मूवी थी, लेकिन लोगों ने इसे कुछ खास पसंद नहीं किया। फिल्म ने सिर्फ 6.50 करोड़ का लाइफटाइम बॉक्स ऑफिस कलेक्शन किया और यह डिजास्टर साबित हुई। हालांकि, मूवी में राशा के अभिनय को काफी पसंद किया गया था।
स्काई फोर्स (Sky Force)
24 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई संदीप केवलानी और अभिषेक अनिल कपूर के निर्देशन में बनी फिल्म ‘स्काई फोर्स’ में एक्टर अक्षय कुमार, निमरत कौर, वीर पहाड़िया समेत कई स्टार्स दिखाई दिए थे। ये मूवी वीर की डेब्यू फिल्म थी, जो एक एक्शन-ड्रामा फिल्म थी। इसकी कहानी 1965 के भारत-पाकिस्तान हवाई युद्ध में पाकिस्तान के सरगोधा एयरबेस पर भारत के हमले पर आधारित थी, जो भारत की पहली एयर स्ट्राइक थी। रिपोर्ट के अनुसार, यह मूवी बॉक्स ऑफिस पर एवरेज साबित हुई और इसने लगभग 109 करोड़ का बिजनेस किया।
देवा (Deva)
शाहिद कपूर, पूजा हेगड़े, पावेल गुलाटी, कुब्रा सैत और प्रवेश राणा स्टारर फिल्म ‘देवा’ 31 जनवरी को रिलीज हुई थी। ये फुल ऑन एक्शन मूवी थी, जिसमें एक्टर का जबरदस्त अंदाज देखने को मिला था। हालांकि, दर्शकों को मूवी कुछ खास पसंद नहीं आई और यह फ्लॉप हो गई। रोशन एंड्रयूज के निर्देशन में बनी इस मूवी ने बॉक्स ऑफिस पर सिर्फ 32 करोड़ का लाइफ टाइम कलेक्शन किया।
लवयापा (Loveyapa)
7 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई मूवी ‘लवयापा’ में जुनैद खान, खुशी कपूर, आशुतोष राणा और कीकू शारदा समेत कई स्टार्स नजर आए थे। ये मूवी जेन-जी की कहानी दिखाती है और यह खुशी-जुनैद दोनों की बड़े पर्दे पर डेब्यू मूवी थी। हालांकि, इससे पहले उन्होंने ओटीटी पर डेब्यू किया था। वहीं, ‘लवयापा’ के कलेक्शन की बात करें, तो फिल्म ने कुछ खास कमाल नहीं दिखाया और यह भी फ्लॉप साबित हुई। मूवी ने सिर्फ 8.25 करोड़ का लाइफटाइम बॉक्स ऑफिस कलेक्शन किया।
छावा (Chhaava)
‘लवयापा’ के बाद सिनेमाघरों में 14 फरवरी को विक्की कौशल और रश्मिका मंदाना स्टारर फिल्म ‘छावा’ रिलीज हुई। साल 2025 के पहले क्वार्टर की ये एकलौती मूवी है, जो कमाई के मामले में ब्लॉकबस्टर साबित हुई। लक्ष्मण उतेकर के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने आते ही बॉक्स ऑफिस पर कब्ज़ा कर लिया था। इसमें स्टार्स की एक्टिंग से लेकर फिल्म की कहानी तक को लोगों ने काफी पसंद किया। ऑल टाइम ब्लॉकबस्टर रही इस मूवी ने लगभग 555 करोड़ का बिजनेस किया।
मेरे हसबैंड की बीवी (Mere Husband Ki Biwi)
अर्जुन कपूर, भूमि पेडनेकर, रकुल प्रीत सिंह, हर्ष गुजराल, डीनो मोरिया और कंवलजीत सिंह स्टारर फिल्म ‘मेरे हसबैंड की बीवी’ 21 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। मुदस्सर अजीज के निर्देशन में बनी इस रोम-कॉम मूवी ने 7.50 करोड़ का कलेक्शन किया और अर्जुन की यह मूवी भी डिजास्टर साबित हुई।
क्रेजी (Crazxy)
सोहम शाह, निमिषा सजयन, टीनू आनंद, शिल्पा शुक्ला, उन्नति खुराना स्टारर ये फिल्म 28 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म की कहानी तो अच्छी थी, लेकिन लोगों को यह पसंद नहीं आई और फ्लॉप हो गई। गिरीश कोहली के निर्देशन में बनी इस मूवी ने सिर्फ 12 करोड़ का बिजनेस किया था।
सुपरबॉयज ऑफ मालेगांव (Superboys Of Malegaon)
‘क्रेजी’ के साथ सिनेमाघरों में ‘सुपरबॉयज ऑफ मालेगांव’ ने एंट्री ली थी, जिसमें आदर्श गौरव, विनीत कुमार सिंह, शशांक अरोड़ा, अनुज सिंह दोहान, मंजरी पुपाला समेत कई स्टार्स नजर आए थे। रीमा कागती के निर्देशन में बनी यह मूवी कुछ खास कमाल नहीं दिखा सकी और फ्लॉप हो गई। इसने बॉक्स ऑफिस पर सिर्फ 4 करोड़ का बिजनेस किया था।
द डिप्लोमैट (The Diplomat)
जॉन अब्राहम, सादिया खतीब, शारिब हाशमी, कुमुद मिश्रा और रेवती स्टारर फिल्म ‘द डिप्लोमैट’ 15 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। इस मूवी को लोगों ने काफी सराहा। इसमें जॉन के काम को काफी पसंद किया गया। फिल्म ब्लो-एवरेज रही और इसने लगभग 38 करोड़ का बिजनेस किया।
सिकंदर (Sikandar)
सलमान खान और रश्मिका मंदाना स्टारर फिल्म ‘सिकंदर इस साल की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक है और यह ईद के मौके पर 30 मार्च को रिलीज हुई। मेकर्स, स्टार्स के साथ-साथ लोगों को भी भाईजान की इस मूवी से काफी उम्मीदें थी, लेकिन यह मूवी बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास कमाल दिखाते हुए नजर नहीं आ रही है। फिल्म को रिलीज हुए 6 दिन हो गए हैं और इसने अभी तक 100 करोड़ का आंकड़ा भी पार नहीं किया है। ऐसे में लग रहा है कि सलमान की ये मूवी फ्लॉप हो सकती है और इसका लाइफटाइम कलेक्शन 110 करोड़ के आसपास रह सकता है।