बॉलीवुड फिल्ममेकर अनुराग कश्यप (Anurag Kashyap) सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं और आए दिन किसी न किसी कारण से चर्चा में बने रहते हैं। हाल ही में दिल्ली सरकार (Delhi Government) ने JNU छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार (Kanhaiya Kumar) पर राजद्रोह के 4 साल पुराने एक मामले पर मुकदमा चलाने के लिए दिल्ली पुलिस को मंजूरी दे दी है। जिसके बाद अनुराग कश्यप का गुस्सा फूटा और उन्होंने ट्वीट कर दिल्ली सरकार की आलोचना की है।
अनुराग कश्यप ने दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) पर निशाना साधाते हुए लिखा कि महाशय अरविंद केजरीवाल जी, आपको क्या कहें। स्पाइनलेस तो प्रशंसा है, आप तो हैं ही नहीं, कितने में बिके? इस ट्वीट को अनुराग कश्यप ने कन्हैया कुमार के एक ट्वीट को रिट्वीट करते हुए किया था।
कन्हैया ने अपने ट्वीट में दिल्ली सरकार पर तंज कसते हुए लिखा था कि दिल्ली सरकार को सेडिशन केस की परमिशन देने के लिए धन्यवाद। दिल्ली पुलिस और सरकारी वक़ीलों से आग्रह है कि इस केस को अब गंभीरता से लिया जाए, फॉस्ट ट्रैक कोर्ट में स्पीडी ट्रायल हो और TV वाली ‘आपकी अदालत’ की जगह क़ानून की अदालत में न्याय सुनिश्चित किया जाए। सत्यमेव जयते।

मालूम हो कि कन्हैया कुमार पर राजद्रोह का ये मामला फरवरी 2016 का है जिसमें दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में देश विरोधी नारे लगाने के चलते काफी बवाल हुआ था। इस मामले में JNU छात्र संघ के अध्यक्ष कन्हैया कुमार, उमर खालिद, अनिर्बान भट्टाचार्य समेत 10 लोगों के खिलाफ़ चार्जशीट दायर की गई थी। बता दें कि दिल्ली हिंसा को लेकर भी अनुराग कश्यप ने ट्वीट करके अपनी प्रतिक्रिया दी थी।
अनुराग ने ट्वीट कर केन्द्र सरकार और दिल्ली की आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा था। अनुराग ने ट्वीट कर लिखा था कि हताशा भी है और निराशा भी, लेकिन ना तो संयम टूटा है ना संकल्प। दर्द भी है और ग़ुस्सा भी, तो भी, ना संयम टूटा है ना संकल्प। तुम भी यहीं हो और हम भी यहीं है। सब याद रखा जाएगा। सब देखा जाएगा। तुम भी देखोगे और हम भी देखेंगे। लाज़िम है हम भी देखेंगे।