Urmila Matondkar In Bharat Jodo Yatra: कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) की भारत जोड़ो यात्रा अपने अंतिम पड़ाव पर है। यात्रा इस वक्त जम्मू में है। यात्रा को लोगों का खूब समर्थन मिल रहा है। कई मशहूर हस्तिया यात्रा को अपना समर्थन दे रही हैं।
इसी कड़ी में बॉलीवुड एक्ट्रेस शिवसेना नेता उर्मिला मातोंडकर (Urmila Matondkar) ने भी भारत जोड़ो यात्रा में हिस्सा लिया। उर्मिला मातोंडकर की कई तस्वीरें कांग्रेस पार्टी ने अपने ट्विटर हैंडल पर शेयर की है। फोटोज में उर्मिला राहुल गांधी के साथ कदमताल करती नजर आ रही हैं।
उर्मिला मातोंडकर ने यात्रा को बताया सामाजिक
भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने से पहले एक्ट्रेस ने ट्विटर पर एक वीडियो भी शेयर किया है। इस वीडियो में वह कहती नजर आ रही हैं कि एक व्यक्ति, एक पार्टी, कुछ चंद लोग और बड़े जज्बे के साथ यह यात्रा बढ़ रही है। इस जज्बे का नाम है भारतीयता। इसमे बहुत सारा प्यार, त्याग, विश्वास, भाईचारा और सद्भवना है। यह भारतीयता हम सबको जोड़कर रखती है। कहीं ना कहीं मुझे लगता है कि दुनिया प्यार-सद्भावना पर चलती है, डर पर नहीं। मेरे लिए इस यात्रा का मूल्य महत्व राजनीतिक से ज्यादा सामाजिक है।
जम्मू कश्मीर की बहू हैं उर्मिला
बता दें कि उर्मिला जम्मू कश्मीर की बहू हैं। उन्होंने कश्मीरी बिजनेसमैन और मॉडल मोहसिन अख्तर मीर से शादी की है। एक्ट्रेस पिछले कुछ सालों से राजनीति में सक्रिय हैं। वह साल 2019 में कांग्रेस में शामिल हुई थीं। उन्होंने मुंबई नॉर्थ से चुनाव भी लड़ा था। हांलाकि उन्हें इस चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था। जिसके बाद उन्होंने कांग्रेस का दामन छोड़कर साल 2020 में उद्धव ठाकरे की मौजूदगी में शिवसेना ज्वॉइन कर ली थी।
यात्रा में अब तक शामिल हो चुके हैं ये सितारे
गौरतलब है कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में अब तक पूजा भट्ट, काम्या पंजाबी, तमिल एक्ट्रेस पूनम कौर, रिया सेन, रश्मि देसाई, आकांक्षा पुरी, राम्या, रितु शिवपुरी और अमोल पालेकर, जैसे कई बड़े सितारे हिस्सा ले चुके हैं। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा 7 सितंबर से कन्याकुमारी से शुरू हुई थी जो कि अब तक 11 राज्य तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब को कवर कर चुकी है। यह यात्रा 30 जनवरी को को श्रीनगर श्रीनगर में शेर-ए-कश्मीर मैदान में संपन्न होगी। तमिलनाडु के कन्याकुमारी से सात सितंबर 2022 को शुरू हुई भारत जोड़ो यात्रा के महज 6 दिन बचे हैं।