भारत और नेपाल के बीच लिंपियाधुरा, लिपुलेख और कालापानी विवाद बढ़ता ही जा रहा है। इस मामले पर मूल रूप से नेपाल की रहने वाली बॉलीवुड एक्ट्रेस मनीषा कोइराला ने भी ट्वीट किया है। जिसके बाद वो ट्रोलर्स के निशाने पर आ गई हैं। दरअसल, हाल ही में नेपाल ने एक नया मानचित्र जारी किया और दो जगहों को अपनी सीमा में दिखा दिया। इसके लिए नेपाल सरकार का सपोर्ट करते हुए मनीषा ने ट्विटर पर लिखा, ‘हमारे छोटे राष्ट्र की गरिमा बनाए रखने के लिए धन्यवाद। हम सभी तीन महान देशों (भारत, नेपाल और चीन) के बीच शांतिपूर्ण और सम्मानजनक बातचीत की उम्मीद कर रहे हैं।’

मनीषा के इस नक्शे को सपोर्ट करता देख लोगों ने उनको जमकर ट्रोल किया। एक यूज़र ने लिखा, ‘नेपाल हमेशा से भारत विरोधी रहा है, उसकी नज़रें हमेशा भारत की भूमि पर रही हैं और लिपुलेख जैसे भारत के अभिन्न अंग पर जबरिया दावा नेपाल की तुच्छ मानसिकता को दर्शाता है।’ वहीं एक यूजर ने मनीषा के इस ट्वीट को रीट्वीट करते हुए जवाब दिया, ‘मनीषा बहुत जल्द, नेपाल पर चीन कब्जा कर लेगा, अब भारत को नेपाल की मदद नहीं करनी चाहिए और नेपाल द्वारा  जारी किए गए नये नक्शे का भारत को दृढ़ता से विरोध करना चाहिए।’

वहीं एक अन्य यूजर ने मनीषा को जवाब दिया, ‘आप गोरखा सेना की मदद से अपने प्रदेशों की रक्षा कर रहे हैं। यदि वे आपका समर्थन नहीं करते हैं, तो चीन और पाकिस्तान आपके राष्ट्र पर शासन करेंगे। आपको नेपाल के बारे में चिंतित होने की आवश्यकता नहीं है। बेहतर ये होगा कि आप अपनी सेना बनाइये और रक्षा स्वयं कीजिए। अपनी सीमाओं की रक्षा के लिए दूसरों पर निर्भर रहना शर्मनाक बात है।’

बता दें कि मौजूदा विवाद की शुरुआत सन् 1816 में हुई थी, जब ब्रिटिश के हाथों नेपाल के राजा कई इलाकों को हार गए थे, जिनमें लिपुलेख और कालापानी भी शामिल हैं। इस बात के सबूत सुगौली की संधि में मिलते हैं।