आरती सक्सेना
सवाल : टोटल धमाल फिल्म में काम करने का अनुभव कैसा रहा?
बहुत शानदार। फिल्म में जितना धमाल नहीं है, उससे कहीं ज्यादा सेट पर धमाल था। मैं तो हंसते हंसते पागल हो गई थी। सब एक से बढ़ कर एक धमाल वाले अभिनेता मौजूद थे। अनिल कपूर, अरशद वारसी, रितेश देशमुख, जावेद जाफरी, जॉनी लीवर। मैं यह कह सकती हूं कि टोटल धमाल में हमने बहुत धमाल किया है।
सवाल : काफी अरसे बाद आपने इंद्र कुमार के निर्देशन में फिल्म की है। उनके साथ आप दिल, बेटा, राजा, जैसी कई हिट फिल्में दे चुकी हैं?
बेशक, हमारा बहुत पुराना रिश्ता है जो आज भी बरकरार है। टोटल धमाल की जब मैंने स्क्रिप्ट सुनी, तभी मैं समझ गई थी कि फिल्म में भरपूर धमाल होने वाला है। इंद्र कुमार के अलावा अजय देवगन के साथ भी इससे पहले ये रास्ते हैं प्यार के में काम कर चुकी हूं। जावेद जाफरी भी हैं फिल्म में। उनके साथ 100 डेज कर चुकी हूं। जॉनी लीवर के साथ तो कई फिल्में की हैं।
सवाल : आप काफी सालों बाद अनिल कपूर, संजय दत्त के साथ फिल्में कर रही हैं? हां, करीबन 20 साल बाद मैं संजू के साथ फिल्म कर रही हूं जिसका नाम कलंक है। यह फिल्म काफी अलग है और इसकी कहानी भी बहुत अच्छी है। इसके अलावा अनिल और मैं टोटल धमाल में हैं। वे जैसे 1998 में थे, वैसे ही 2018 और 2019 में भी हैं। इस फिल्म में अनिल कपूर के साथ भी काम करने का अनुभव यादगार है।
सवाल : बतौर निर्माता आपकी फिल्म 15 अगस्त रिलीज के लिए तैयार है? बेशक…15 अगस्त नेटफिलिक्स में अप्रैल तक रिलीज होगी। इससे पहले मैंने मराठी फिल्म बकेट लिस्ट का निर्माण किया था। आगे भी मैं अच्छी फिल्में बनाती रहूंगी।
सवाल : पहले की फिल्म मेकिंग और आज की फिल्म मेकिंग में क्या फर्क है?
बदलाव काफी सकारात्मक है। आज अभिनेत्रियों को ध्यान में रखकर कहानी लिखी जा रही है। पहले ऐसा बहुत कम होता था। आज की अभिनेत्रियां प्रेरणादायक किरदार निभा रही हैं।
सवाल : आज के सितारे एक समय में एक या दो फिल्में करना पसंद करते हैं लेकिन आप के जमाने में ऐसा नहीं था?
आज लोगों के पास विकल्प है। सोचने और स्क्रिप्ट पढ़ने का वक्त होता है। हमारे समय में ज्यादा समय नहीं होता था। मैंने तो एक साल में 12 फिल्में भी की हैं। आज मैं ऐसा नहीं कर सकती। आज में खुद चुनिंदा फिल्में करूंगी क्योंकि मुझे दोनों बेटों पर भी ध्यान देना है।
सवाल : बच्चो और पति को नृत्य में दिलचस्पी है?
हां, मेरे पति भी बहुत अच्छा नृत्य करते हैं लेकिन उन्होंने विधिवत नृत्य नहीं सीखा है। मेरे बेटों को भी नृत्य बहुत पसंद है। वे मम्मी को डांस करते हुए देख कर बहुत खुश होते हैं।
सवाल :आपकी खूबसूरती और तंदरुस्ती का राज क्या है?
अनुशासन, सकारात्म सोच, व्यायाम और संतुलित भोजन। बाकी ऊपर वाले का आशीर्वाद है जो मैं आप लोगों को आज भी पसंद हूं।