Sushant Singh Rajput Case: बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत ने एक बार फिर से महाराष्ट्र सरकार को आड़े हाथों लिया है। हरियाणा के यूट्यूबर साहिल चौधरी की गिरफ्तारी पर आपत्ति जताते हुए उन्होंने एक ट्वीट किया जिसमें उन्होंने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को दुनिया का सबसे नकारा मुख्यमंत्री कह डाला है। साहिल को अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने के चलते मुंबई पुलिस ने हाल ही में गिरफ्तार किया है।

उन्होंने साहिल चौधरी के गिरफ्तारी के विरोध में किए गए एक ट्वीट को रीट्वीट करते हुए लिखा, ‘मुंबई में यह क्या गुंडाराज चल रहा है? कोई भी दुनिया के सबसे अयोग्य मुख्यमंत्री और उसकी टीम पर सवाल नहीं उठा सकता? ये हमारे साथ क्या करेंगे? हमारे घर तोड़ेंगे और हमें मार डालेंगे? काग्रेंस इसके लिए जवाबदेह कौन है?’

कंगना ने जिस ट्वीट को रीट्वीट किया है उसमें लिखा गया था कि, ‘साहिल चौधरी को मुंबई क्राइम ब्रांच द्वारा कथित रूप से 3 दिन की रिमांड पर लिया गया है। यह कार्रवाई कथित तौर पर किसी शख्स के द्वारा दर्ज़ की गई एफआईआर के आधार पर हुई है क्योंकि साहिल ने सुशांत सिंह राजपूत केस में महाराष्ट्र सरकार पर सवाल उठाए थे। उसे मदद की आवश्यकता है।’

कंगना ने अपने ट्वीट के बाद एक और ट्वीट किया जिसमें उन्होंने अनुराग कश्यप को गिरफ्तार किए जाने की मांग की। उन्होंने लिखा, ‘महाराष्ट्र सरकार के कामकाज पर सवाल उठाने पर कोई व्यक्ति अचानक साहिल के ख़िलाफ़ रिपोर्ट दर्ज करा देता है, जो कि उसका लोकतांत्रिक अधिकार माना जाता है और साहिल को तुरन्त जेल हो जाती है, लेकिन पायल घोष ने अनुराग कश्यप के खिलाफ कई दिन पहले रेप का मामला दर्ज़ करवाया है, फिर भी वो आराम से घूम रहे हैं। कांग्रेस पार्टी क्या है ये सब?’