बॉलीवुड एक्टर और पॉलीटीशियन शत्रुघ्न सिन्हा (shatrughan sinha) बेबाकी से अपनी राय रखने के लिए जाने जाते हैं। हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान शत्रुघ्न सिन्हा ने उन लोगों पर निशाना साधा है जो चैरिटी करके उसकी
जानकारी देते हैं। शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा, ‘चैरिटी के बारे में घोषणा करना खराब है। यह सुनना खराब लगता है कि किसी ने 25 करोड़ रुपये दान किए हैं।’

हालांकि शत्रुघ्न सिन्हा ने अक्षय कुमार का नाम नही लिया लेकिन अक्षय कुमार ने ही पीएम केयर्स फंड में 25 करोड़ रुपये दान किए थे और सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी शेयर की थी। ऐसे में अटकलें लगना तेज हो गई हैं कि शत्रुघ्न सिन्हा का इशारा अक्षय कुमार पर ही था। शत्रुघ्न सिन्हा ने आगे कहा, ‘वर्तमान स्थिति को लेकर किसी को कितनी चिंता है उसका पता अंदाजा इस बात से लगाया जाता है कि उसने कितनी राशि दान की है। देश के किसी भी हिस्से में सेलिब्रिटी चैरिटी करने के बाद उसका दिखावा नहीं करते क्योंकि दान एक प्राइवेट चीज है। किसी ने 25 करोड़ दान किए यह सुनने के बाद लगता है कि क्या ये किसी काम आएंगे?’

शत्रुघ्न सिन्हा के अलावा उनकी बेटी एक्ट्रेस सोनाक्षी सिन्हा से सोशल मीडिया पर लोग लगातार डोनेशन को लेकर सवाल पूछ रहे थे। इसपर सोनाक्षी सिन्हा ने करारा जवाब देते हुए कहा था कि डोनेशन के बारे में सोशल मीडिया पर जानकारी देना है या नही ये पर्सनल चॉइस होती है। अगर मैंने जानकारी नहीं दी तो इसका मतलब ये बिल्कुल नहीं है कि मैंने मदद नहीं की है। मालूम हो कि कोरोना वायरस के चलते पीएम मोदी ने पीएम केयर्स फंड की शुरुआत की थी जिसमें कोई भी आर्थिक मदद कर सकता है।

बता दें कि कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप का असर भारत ही नही बल्कि पूरे विश्व पर नजर आ रहा है। फिलहाल देश में इसे बढ़ने से रोकने के लिए 3 मई तक लॉकडाउन लगाया हुआ है। इस बात की घोषणा खुद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने की थी। इस वक्त भारत में कोरोना से संक्रमित मरीजों की संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है। इस वक्त जहां 11 हजार से ज्यादा लोग इससे संक्रमित हैं वहीं 377 लोगों की मौत हो चुकी है।