प्रियंका चोपड़ा आज भारत के सबसे बड़े ग्लोबल स्टार के तौर पर जानी जाती हैं। भारत में वो या तो बड़े बजट की फिल्में कर रही हैं या बेहद संवेदनशील किरदार निभा रही हैं वहीं हॉलीवुड में क्वांटिको और बेवॉच के बाद प्रियंका एक रोमैंटिक कॉमेडी में नज़र आने वाली हैं। पर्सनल लाइफ में वे निक जोनास को लेकर सुर्खियों में हैं तो प्रोफेशनल लाइफ में लियाम हेम्सवर्थ जैसे सुपरस्टार कलाकारों के साथ फिल्म कर रही हैं। अपने फैमिली के बीच मिनी के नाम से मशहूर प्रियंका का एक और नाम है जो बॉलीवुड की पार्टियों में काफी मशहूर है और वो नाम पिग्गी चॉप्स। लेकिन प्रियंका को ये नाम कैसे मिला, इसके पीछे भी एक दिलचस्प कहानी है।

आज से लगभग 13 साल पहले एक फिल्म आई थी जिसका नाम था ब्लफमास्टर। इस फिल्म में अभिषेक बच्चन, प्रियंका चोपड़ा और रितेश देशमुख मुख्य भूमिका में थे। बॉक्स ऑफिस पर फिल्म ने औसत बिजनेस किया था लेकिन फिल्म का एक गाना उस दौर में बेहद लोकप्रिय हुआ था। इस गाने में अभिषेक बच्चन ने रैप किया था और सुनिधि चौहान के साथ ही प्रियंका चोपड़ा ने भी गाने को अपनी आवाज़ दी थी। अभिषेक ने इस गाने की शुरूआती लिरिक्स कुछ इस तरह थे

आई वाना से हे टू माई प्लेयर रितेश डी
विद बिग प्रॉप्स एंड पिगी चॉप्स,
चकमास्टर सिप्पी
माई गुरू ऑफ द ब्लफमास्टर मूवी
एंड टू कूल शेकर्स
विशाल एंड शेखर

इस लिरिक्स के साथ ही अभिषेक ने फिल्म से जुड़़ी टीम का परिचय कराया था। रितेश देशमुख इस फिल्म में अभिषेक बच्चन के दोस्त के किरदार में थे। वहीं चकमास्टर सिप्पी उर्फ रोहन सिप्पी इस फिल्म के निर्देशक थे। विशाल और शेखर ने इस फिल्म में म्यूजिक दिया था और पिगी चॉप्स प्रियंका चोपड़ा के लिए इस्तेमाल किया गया था। इस गाने के बाद ही प्रियंका चोपड़ा का ये नाम बेहद लोकप्रिय हो गया था और अक्सर उन्हें पार्टियों में इस नाम के साथ पुकारा जाने लगा था।  यही नहीं इस गाने के अंत में अभिषेक कहते हैं-  यूसी  किप रनिंग मुंबई। यहां यूसी का  मतलब उदय चोपड़ा से था। दरअसल उस दौर में उदय चोपड़ा को गर्लफ्रेंड बनाने में काफी परेशानी आ रही थी। ऐसे में अभिषेक उदय को ट्रोल करते हुए कहना चाह रहे थे कि गर्लफ्रेंड की तलाश में मुंबई में भटकते रहो।

https://www.jansatta.com/entertainment/