पचास से ज्यादा फिल्मों में अभिनय और आकर्षण का लोहा मनवा चुकीं प्रियंका चोपड़ा का आज (18 जुलाई) जन्मदिन हैं। वह 35 साल की हो चुकी हैं। वैसे तो प्रियंका के फैन्स उनके बारे में काफी कुछ जानते हैं, जैसे कि उनके माता-पिता आर्मी में डॉक्टर थे, जमशेदपुर में जन्म हुआ और बरेली में रहीं, फिर अमेरिका में चाची के यहां रहकर पढ़ाई की वगैरह-वगैरह.. लेकिन क्या आप जानते हैं कि पिग्गी चॉप्स के नाम से मशहूर इस अभिनेत्री ने एकबार कहा था कि ”मेरी टांगों पर सफेद दाग थे और आज मेरी टांगें 12 ब्रांड्स को बेचती हैं।” आखिर प्रियंका ने क्यों और कब यह बात कही थी। बता दें कि पूरी तरह जाने बिना प्रियंका की यह बात अहम का भाव लिए लग सकती है लेकिन इसमें ऐसा कुछ भी है नहीं, यह दरअसल उनकी सफलता से पहले के संघर्ष को दर्शाती है। बात 2012 की है। इंडिया टुडे माइंड रॉक्स यूथ समिट में शामिल हुईं प्रियंका चोपड़ा ने अपने जीवन के संघर्ष और सफलता की कहानी को फैन्स से साझा किया था।
कार्यक्रम में प्रियंका ने कहा था, ‘I was gawky imperfect, had low self-esteem, came from a modest middle-class background, had white marks on my legs. But I was damn hard working. Today, my legs sell 12 brands.’ (मैं भद्दी और अपूर्ण थी, आत्म सम्मान कमजोर था, मामूली मध्यम वर्गीय पृष्ठभूमि से आई थी, टांगों पर सफेद दाग थे लेकिन कड़ी मेहनत करने वाली थी, आज मेरी टांगें 12 ब्रांड्स बेचती हैं)। प्रियंका ने जब इंटरनेशल सिंगर के तौर डेब्यू किया था तो कहा था, ”मैंने बरेली से बोस्टन तक की यात्रा की, अगर मैं कर सकती हूं तो आप भी कर सकते हैं।” प्रियंका को मुजफ्फरपुर का एक लड़का शादी के लिए प्रस्ताव भेजता रहा कि ”प्लीज मैरी मी, यू रॉक”। इस पर प्रियंका ने एक कार्यक्रम में दिलचस्प जोक मारा था, ”जब मैं जवान थी तो एक दुल्हन बनना चाहती थी और एक भिंडी (लेडीज फिंगर) भी बनना चाहती थी।
प्रियंका ने यह भी बताया था कि उन्होंने मिस इंडिया प्रतियोगिता में भाग लेने का विकल्प सिर्फ इसलिए चुना था ताकि प्री-बोर्ड परीक्षाओं को छोड़ सकें। प्रियंका ने एक बार बताया था कि जब वह फिल्मों में काम करने के लिए गईं तो उन्हें रिजेक्ट कर दिया गया, लोगों को लगता था कि वह बहुत काली हैं। उन्होंने कहा था कि उनके फीचर्स ठीक नहीं थे लेकिन हर स्थिति में वह मुस्कुराती थीं और फिर उनसे कहा गया कि उनकी स्माइल परफेक्ट थी। उन्होंने यह कहते हुए चुटकी भी ली थी, ”अगर लोग सोचते हैं कि प्लास्टिक सर्जरी की वजह से मेरी स्माइल हैं तो मैं कभी बुरा नहीं मानती हूं।” प्रियंका चोपड़ा की कभी हार न मानने की आदत से किसी भी फील्ड में काम करने वाली करोड़ों युवतियां सफलता के लिए प्रेरणा ले सकती हैं। प्रियंका आज बॉलीवुड के साथ साथ हॉलीवुड का भी जाना-माना नाम होती जा रही हैं।