भोजपुरी इंडस्ट्री में शीर्ष अभिनेताओं की जब भी बात होती है दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ का नाम जरूर आता है। फिल्म निरहुआ रिक्शावाला से रातोंरात सुपरस्टार बने दिनेश लाल यादव अपने गानों के लिए भी बेहद मशहूर हैं। लोगों के बीच वो निरहुआ नाम से हीं प्रसिद्ध हुए और इसी नाम से उनकी कई फिल्में और गाने सुपरहिट हुए हैं। लेकिन इस नाम के कारण कई बार उन्हें कठिनाई भी हुई। जब वो पूर्वांचल से बाहर जाते हैं तो लोग उनका नाम सही से नहीं ले पाते जिसके कई किस्से उन्होंने उस वक्त शेयर किए जब वो कपिल शर्मा शो पर बतौर मेहमान पहुंचे थे। शो पर आम्रपाली दुबे भी गईं थीं और उन्होंने भी अपने नाम से जुड़ा किस्सा सुनाया।
दिनेश लाल निरहुआ ने बताया कि एक बार एक एंकर ने उन्हें निरहुआ कहने के बजाए नेहरुआ कह दिया था। उन्होंने वो दिलचस्प किस्सा सुनाया, ‘कुछ दिनों पहले मैं दिल्ली किसी कार्यक्रम में गया था तो वहां पर लोगों ने मेरा नाम लिखकर दिया होगा। जिनको अनाउंस करना था उन्होंने मेरा नाम पहले पढ़ा होगा- दिनेश लाल यादव निरहुआ। उनको लगा निरहुआ तो कुछ होता नहीं होगा फिर एंकर ने अनाउंस किया – अब हमारे बीच आ रहे हैं दिनेश लाल यादव ‘नेहरुआ।’
इसी तरह का एक किस्सा निरहुआ ने सुनाया, ‘मैं पहली बार शूटिंग कर रहा था बलिया में। गाना करने के लिए एक डांस मास्टरजी आए थे नेपाल से। स्टेप बनाने के बाद वो बोले अब ‘निहुरी जी’ को बुलाइए।’
आम्रपाली दुबे ने भी अपने नाम से जुड़ा किस्सा सुनाया। वो बोलीं, ‘मेरे घरवालों को शायद पता चल गया था कि मैं एक्ट्रेस ही बनूंगी इसलिए पहले ही मेरा मुश्किल सा नाम रख दिया आम्रपाली। मुझे स्कूल में सब पता नहीं क्या- क्या बुलाते थे। लोग आमवाली भी कहते थे।’
दिनेश लाल यादव निरहुआ और आम्रपाली दुबे की जोड़ी भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री की सबसे हिट जोड़ी है। अमरपाली दुबे ने दिनेश लाल के साथ फिल्म निरहुआ हिंदुस्तानी से डेब्यू किया था। आम्रपाली दुबे अपनी पहली हीं फिल्म से बहुत लोकप्रिय हो गईं। लोगों ने फिल्म में इस जोड़ी को बहुत प्यार दिया और लोग दोनों को हर आनेवाली फिल्म में साथ देखना चाहते थे। दोनों अब तक साथ में 25 से अधिक फिल्में कर चुके हैं। इस जोड़ी के गाने की खूब हिट होते हैं।