कानपुर में 8 पुलिसकर्मियों की हत्या करने वाले दुर्दांत अपराधी विकास दुबे के काले कारनामे की कहानी अब बिरहा के माध्यम से इंटरनेट पर खूब वायरल हो रही है। भोजपुरी सिंगर और बिरहा में खास स्थान रखने वाले ओम प्रकाश दीवाना का हाल ही में विकास दुबे पर गाया बिरहा- ‘विकास दुबे का अंत बच गए सभी महंत’ की सोशल मीडिया पर खूब चर्चा है।
ओम प्रकाश द्वारा गाए इस बिरहा में विकास दुबे के बचपन से लेकर उसके अपराधी बनने तक की कहानी को पूरे सिलसिलेवार ढंग से बताया गया है। इस बिरहा में बताया गया है कि छात्र जीवन में ही विकास दुबे अपराध में लिप्त हो गया था।
वहीं आगे विकास दुबे की ऋचा से भगाकर शादी करने की कहानी को बयां किया गया है। बताया गया है कि ऋचा के मां-बाप को विकास दुबे पसंद नहीं था। बात नहीं बनता देख विकास दुबे ऋचा को भगाकर ले गया और शादी कर लिया। यह साल था 1997 का।
ओम प्रकाश के गाए इस बिरहा में विकास दुबे के अपराध की पूरी दुनिया से परिचय कराया गया है। 1 घंटे के इस बिरहा को ओम प्रकाश ने अपने यूट्यूब चैनल दीवाना म्यूजिक पर रिलीज किया है। 18 जुलाई को रिलीज हुए इस भोजपुरी बिरहा को लाखों बार देखा जा चुका है। इस बिरहा को लिखने और गाने का काम ओम प्रकाश ने किया है। वहीं म्यूजिक दिया है सौरंग और धनंजय सिंह ने।
ओम प्रकाश के अलावा और भी कई बिरहा और भोजपुरी लोक गायकों ने विकास दुबे पर गीत गा चुके हैं। गौरतलब है कि 10 जुलाई को विकास दुबे यूपी पुलिस द्वारा एनकाउंटर में मारा गया था।