कई भोजपुरी स्टार पूरे उत्तर भारत में बेहद लोकप्रिय हैं। ऐसे ही एक भोजपुरी स्टार हैं दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ। कई भोजपुरी सुपरहिट फिल्मों में काम कर चुके निरहुआ एक्टिंग के साथ-साथ भोजपुरी फिल्में प्रोड्यूस भी करते हैं। अपने शानदार अभिनय के लिए मशहूर निरहुआ करोड़ों की संपत्ति के मालिक हैं।
करोड़ों की संपत्ति के मालिक हैं निरहुआ : लोकसभा चुनाव 2019 के दौरा दिए गए चुनावी हलफनामे के मुताबिक दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ 5 करोड़ 93 लाख रुपए की चल-अचल संपत्ति के मालिक हैं। चुनावी हलफनामे के मुताबिक निरहुआ के पास 1 करोड़ 28 लाख रुपए की चल संपत्ति और 4 करोड़ 60 लाख रुपए की अचल संपत्ति है। इसके अलावा उस वक्त निरहुआ पर 54 लाख रुपए की देनदारी भी थी।
मुंबई के अंधेरी में है आलीशान फ्लैट : निरहुआ के पास 4.6 करोड़ रुपए की अचल संपत्ति है जिसमें मुंबई के अंधेरी का एक आलीशान फ्लैट भी शामिल है। चुनावी हलफनामे के मुताबिक निरहुआ के पास तीन करोड़ रुपए की रेजिडेंशियल बिल्डिंग हैं।
लाइमलाइट से दूर रहती हैं निरहुआ के पत्नी : भोजपुरी स्टार निरहुआ खूब लाइमलाइट में रहते हैं पर उनकी पत्नी लाइमलाइट से बेहद दूर रहती हैं। निरहुआ की पत्नी मनसा देवी हाउस वाइफ हैं। चुनावी हलफनामे के मुताबिक निरहुआ की पत्नी के पास 6.30 लाख रुपए की ज्वेलरी है।
एलआईसी में भी है निवेश : भोजपुरी सुपरस्टार निरहुआ ने एलआईसी पॉलिसी में भी निवेश किया है। चुनावी हलफनामे के मुताबिक उनके पास लगभग 6 लाख रुपए की एलआईसी पॉलिसी हैं। इसके अलावा निरहुआ के पास लगभग एक करोड़ रुपए की कृषि भूमि भी है।
रेंज रोवर से चलते हैं निरहुआ : दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ महंगी और शानदार गाड़ियों के बेहद शौकीन हैं। 2019 में दिए चुनावी हलफनामे के मुताबिक निरहुआ के पास रेंज रोवर और फॉर्च्यूनर जैसी कारें हैं। चुनावी हलफनामे में निरहुआ ने रेंज रोवर की कीमत 42 लाख रुपए बताई थी। इसके अलावा उनके पास पल्सर बाइक भी है।
अखिलेश यादव के सामने लड़ चुके हैं चुनाव : 2019 लोकसभा चुनाव में निरहुआ उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के खिलाफ भाजपा के टिकट पर चुनावी मैदान में उतरे थे। हालांकि निरहुआ को अखिलेश यादव के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। इस दौरान कई भोजपुरी स्टार भी निरहुआ के लिए प्रचार करने पहुंचे थे।