Bhojpuri Song Jab Se Chadhal Ba Jawani: भोजपुरी इंडस्ट्री के मेगास्टार और सिंगर-एक्टर मनोज तिवारी (Manoj Tiwari) ने अपने करियर में एक से बढ़कर एक भोजपुरी गाने और एलबम्स गाए हैं, जो स्क्रीन पर हिट भी रहे हैं। उनके यादगार भोजपुरी सॉन्ग्स में से ‘जब से चढ़ल बा जवानी’ और ‘रिंकिया के पापा’ जैसे कई गाने हैं, जिसे लोग आज भी सुनना पसंद करते हैं। ऐसे में आज के समय में पुराने गानों को नये फ्लेवर के साथ सुनना अपने आपमे ही अलग अनुभव है। इसी कड़ी में मनोज तिवारी का पुराना भोजपुरी सॉन्ग ‘जब से चढ़ल बा जवानी’ एक बार फिर से रिलीज किया गया है। वो भी नये कलेवर के साथ। फैंस के लिए ये बड़ा तोहफा है।

मनोज तिवारी का भोजपुरी सॉन्ग ‘जब से चढ़ल बा जवानी…’ को टी-सरीज भोजपुरी के यूट्यूब चैनल पर रिलीज किया गया है। गाने का नया वर्ज़न आते ही यूट्यूब पर तहलका मचा रहा है। फैंस इस गाने को लगातार देख और सुन रहे हैं। रिलीज होते ही गाना ट्रेंडिंग लिस्ट में शामिल हो गया और कमेंट बॉक्स में दर्शकों ने मनोज तिवारी की आवाज और गाने की प्रेजेंटेशन की जमकर तारीफ की। गाने का म्यूजिक और फिल्मांकन इस बार नए तरीके से पेश किया गया है, जिससे यह युवाओं के बीच और ज्यादा आकर्षक बन गया है। पुराने मेलोडी और नए म्यूज़िक का संगम दर्शकों को खूब पसंद आ रहा है।

मनोज तिवारी का भोजपुरी गाना ‘जब से चढ़ल बा…’ को देखकर लोग यूट्यूब पर खूब कमेंट्स कर रहे हैं और उनकी तारीफ करते हुए नहीं थक रहे हैं। इसे लेकर एक यूजर ने लिखा, ‘शेर बूढ़ा हो सकता है, मगर शिकार करना कभी नहीं भूलता… मनोज तिवारी वही शेर हैं भोजपुरी गायकी के।’ दूसरे ने लिखा, ‘खेल बदलने वाले खिलाड़ी बहुत हुए, खेल बनाने वाला खिलाड़ी एक ही है- मनोज तिवारी।’ इसके साथ ही एक अन्य ने लिखा, ‘भोजपुरी लेजेंड का कमबैक। मनोज तिवारी सर, जय बिहार जय भोजपुरी।’ इसी तरह से लोग इस पर प्रतिक्रिया दे रहे हैं।

मनोज तिवारी की खासियत यही है कि उनके गानों में देसीपन और आधुनिकता का बेहतरीन मिश्रण देखने को मिलता है। यही वजह है कि उनके गाने समय-समय पर नए अंदाज़ में दोबारा रिलीज होते हैं और हर बार दर्शकों के दिलों पर राज करते हैं। उन्होंने बॉलीवुड की फिल्मों के लिए भी कई गाने गाए। इसमें ‘बाघ का करेजा’ जैसे गाने शामिल हैं, जो हिट रहे हैं। बहरहाल, मनोज तिवारी के भोजपुरी सॉन्ग ‘जब से चढ़ल बा…’ के नये वर्जन की बात की जाए तो ये एंटरटेनमेंट का परफेक्ट पैकेज साबित हो रहा है, जो आने वाले दिनों में भोजपुरी चार्टबस्टर बन सकता है।

यह भी पढ़ें: भोजपुरी की धक-धक गर्ल नीलम गिरी के नए गाने ने मचाया बवाल, खेसारी लाल यादव संग खूब जमी ‘बिग बॉस 19’ कंटेस्टेंट की जोड़ी