Bhojpuri Cinema: भोजपुरी फिल्मों के सुपरस्टार और बिग बॉस 13 के कंटेस्टेंट रहे खेसारी लाल यादव (Khesari Lal) अपनी अपकमिंग फिल्म मेहंदी लगा के रखना 3 (Mehandi Laga Ke Rakhna 3) को लेकर काफी चर्चा में हैं। फिल्म का ट्रेलर हाल ही में रिलीज किया गया था जिसे लोग काफी पसंद कर रहे हैं। वहीं ट्रेलर के साथ इसके गानों में भी फैंस की दिलचस्पी बनी हुई है। फिल्म का दूसरा गाना- लगा के वैसलीन रिलीज कर दिया गया है। गाने में खेसारी लाल के साथ भोजपुरी सिनेमा की ब्यूटी क्वीन आम्रपाली दुबे (Amrapali Dubey) भी नजर आ रही हैं।
आम्रपाली दुबे और खेसारी लाल की जोड़ी को लोग काफी पसंद कर रहे हैं। गौरतलब है कि खेसारी लाल और आम्रपाली दुबे इससे पहले ‘मरद अभी बच्चा बा’ गाने में साथ नजर आए थे। लोगों ने इस गाने को हाथों हाथ लिया था जिसको अभी तक 25 मिलियन से भी ज्यादा बार देखा जा चुका है। वहीं एक बार फिर दोनों की जोड़ी धमाल मचा रही है। इस गाने में बोल्ड दिख रहीं आम्रपाली दुबे लहंगे में अपने ठुकमे से खेसारी को दीवाना बना रही हैं। गाने को देख फैंस की फिल्म देखने की उत्सुकता बढ़ गई है।
बता दें इससे पहले मेहंदी लगा के रखना 3 का गाना- ‘ओठवा से मधु चुए (Hothwa Se Madhu Chuye)’ रिलीज हुआ था। उस गाने में खेसारी लाल यादव के साथ सहर आफ्शा नजर आईं थीं जो फिल्म में मुख्य भूमिका निभा रही हैं। आफ्शा खेसारी लाल के साथ पहली बार स्क्रीन शेयर कर रही हैं।
‘लगा के वैसलीन’ गाने को खेसारी लाल यादव और प्रियंका सिंह ने मिलकर गाया है। गाने के बोल यादव राज ने लिखे हैं और संगीत रजनीश मिश्रा का दिया हुआ है। रजनीश इस फिल्म के निर्देशक भी हैं। फ्रेंचाइज का पहला पार्ट ब्लॉक बस्टर साबित हुआ था जिसमें लीड रोल में काजल राघवानी नजर आईं थीं। फिल्म के दूसरे पार्ट को दर्शकों ने नकार दिया था। खेसारी की वह फिल्म फ्लॉप साबित हो गई थी। मेकर्स अब नई कहानी के साथ तीसरा फ्रेंचाइज लेकर हाजिर हो चुके हैं जिसमें आफ्शा के आलावा रितू सिंह भी नजर आने वाली हैं।