भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार खेसारी लाल इन दिनों बिहार में बाढ़ पीड़ितों की मदद में व्यस्त हैं। खेसारी लाल का ‘खेसारी फाउंडेशन’ बिहार के कई इलाकों में राहत व बचाव के कार्य में लगा हुआ है। लेकिन क्या आपको पता है कि खेसारी लाल 62 बच्चों के ‘पिता’ भी हैं। उनकी पढ़ाई पर काफी पैसा भी खर्च करते हैं।
फर्श से अर्श तक पहुंचे भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल गरीबी को करीब से महसूस किया है। यही कारण है कि वह लोगों की मदद को हमेशा आगे रहते हैं। एक इंटरव्यू में खेसारी लाल यादव ने कहा था कि वह आज जो कुछ भी हैं वह सिर्फ लोगों की वजह से हैं। खेसारी लाल ने कहा था कि वह सभी धर्मों और जातियों के 62 बच्चों को गोद ले रखे हैं। गोद लिए बच्चों पर वह हर महीने 3 लाख रुपए सिर्फ पढ़ाई पर खर्च करते हैं। यही नहीं खेसारी लाल अपनी कमाई का 40 फीसदी हिस्सा चैरिटी में दान कर देते हैं।
हर महीने जाते हैं वृद्धाश्रम ः खेसारी लाल ने इसी इंटरव्यू में इस बात का भी जिक्र किया था कि वह हर महीने वृद्धाश्रम जाते हैं। वह बताते हैं कि जब भी वह वृद्धाश्रम जाते हैं अपने साथ हमेशा 50 हजार के फल भी ले जाते हैं। इन फलों को वहां के बुजुर्गों में दान कर देते हैं। यही नहीं खेसारी लाल ने कहा था कि वृद्धाश्रम के बुजुर्गों का पैर भी धोते हैं। उनका आशीर्वाद लेते हैं।
10 सालों तक बेचा था दूधः बता दें कि खेसारी का शुरुआती जीवन काफी गरीबी में गुजरा है। वह छपरा (बिहार) के रसूलपुर चट्टी धनाड़ी गांव के साधारण से परिवार में जन्मे। उन्होंने करीब 10 सालों तक दूध बेचने का काम किया था।इसके बाद वह दिल्ली आकर पत्नी के साथ लिट्टी चोखा की रेहड़ी भी लगाई। यहीं से उनके गाने की शुरुआत हुई।
हर साल बाढ़ पीड़ितों की करते हैं मददः इस समय बिहार के कई हिस्से बाढ़ से जूझ रहे हैं। बारिश के कारण नदियां उफान पर हैं जिसकी वजह से नेपाल से सटे कई जिलों में हाहाकार मचा हुआ है। बिहार में बाढ़ से 16 जिलों की 73 लाख आबादी प्रभावित है। इस बीच भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव बाढ़ से पीड़ित लोगों की मदद को आगे आए हैं। खेसारी लाल हर साल बाढ़ पीड़ितोंं की मदद करते हैं। वह अन्य लोगों से भी मदद की अपील करते हैं। खेसारी लाल यादव ने कहा कि बिहार हर साल बाढ़ से तबाह रहता है। ऐसे में हमारा फर्ज बनता है कि हम बाढ़ पीडितों की मदद करें। मेरा फाउंडेशन जमीनी स्तर पर लोगों को जरूरत की सामग्री उपलब्ध करवा रहा है।