Khesari Lal Yadav Tweeted on Hathras Gangrape : यूपी के हाथरस में दलित युवती की गैंगरेप के बाद हत्या ने एक बार फिर देश को हिला कर रख दिया है। बॉलीवुड सेलेब्स से लेकर नेता और आम लोग भी इस पर अपना गुस्सा सोशल मीडिया और सड़कों पर ज़ाहिर कर रहे हैं। इसी दौरान भोजपुरी फिल्मों के अभिनेता और गायक खेसारी लाल यादव ने भी ट्विटर पर अपना गुस्सा ज़ाहिर किया है।
उन्होंने ट्विटर पर लिखा, ‘…आप उन दरिंदो को गाड़ी से प्लीज़ ले जाइए। और हम वादा करते हैं गाड़ी पलटने पर कुछ नहीं बोलेंगे। कब तक हम न्याय की आस में ऐसे ही बलि देते रहेंगे? दो दिन से सोशल मीडिया से दूर था, आज देखते ही खून खौल गया।’
उत्तर प्रदेश के हाथरस की इस घटना में दलित लड़की ने दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड दिया। उसके साथ यह घटना 14 सितंबर, सोमवार के दिन हुई थी जिसमें पुरानी रंजिश के चलते युवती के साथ कथित गैंगरेप के बाद उसे जान से मारने की कोशिश में उसकी जीभ काट दी गई और रीढ़ की हड्डी तोड़ दी गई।
इस पर पीड़िता के घरवालों ने गांव के ही कथित रूप से ऊंची जाति के 4 युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया था। युवती की मौत के बाद भारी विरोध के बावजूद रात में पुलिस ने आनन – फानन में पीड़िता के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। इसे लेकर पूरे देश में आक्रोश देखा जा रहा है।
साथ ही आज उत्तर प्रदेश के हाथरस कांड के पीड़ित परिजन से मुलाकात करने जा रहे कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के काफिले को ग्रेटर नोएडा पुलिस ने रोक लिया। उसके बाद वो पैदल ही हाथरस के लिए निकल गए, मगर पुलिस ने उन्हें आगे जाने से रोक दिया। हाथरस जाने के लिए यमुना एक्सप्रेसवे पर रोके गए राहुल गांधी ने पुलिस से कहा कि वो अकेले ही हाथरस जाना चाहते थे।
