भोजपुरी अभिनेत्री काजल राघवानी हाल ही में तब चर्चा में आ गईं जब भोजपुरी अभिनेता खेसारी लाल यादव ने कहना शुरू किया कि काजल ने उन्हें धोखा दिया है और अब वो उनके साथ फिल्में नहीं करेंगे। काजल राघवानी को लेकर खेसारी स्टेज शोज़ पर सार्वजनिक रूप से कहने लगे कि काजल ने उनके साथ सही नहीं किया, वो धोखेबाज हैं। इस बात पर काजल राघवानी ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी थी और कहा था कि मैंने कुछ ऐसा नहीं किया है। काजल का कहना था कि अगर मैं उनके दुश्मनों के साथ फिल्में कर रही हूं, तो इसमें धोखे की क्या बात है। उन्होंने कहा था कि ये उनका काम है और वो जिसके साथ मन हो फिल्में करेंगी। हालांकि बाद में खेसारी ने काजल से माफी मांग ली और कहा था कि वो जरूर काजल के साथ फिल्में करेंगे, वो अच्छी अभिनेत्री हैं।
गुजरात की रहने वाली काजल राघवानी भोजपुरी फिल्मों में संयोगवश आ गईं थीं। भोजपुरी फिल्मों में आने से पहले न तो वो यहां की बोली जानती थीं न ही यहां के समाज के बारे में। काजल को नृत्य का शौक बचपन से ही था। जब वो 9 साल की थीं तब उन्होंने डांस क्लास ज्वॉइन किया और नृत्य सीखना शुरू किया।
इसके बाद उन्होंने ग्रुप में डांस भी किया। काजल ने हाल ही में ‘बिहार तक’ को दिए एक इंटरव्यू में बताया कि उन्होंने करीब 5 सालों तक डांसर का काम किया है। उन्होंने बताया, ‘मैं डांसर थी और ग्रुप के पीछे भी नाचती थीं क्योंकि मेरी हाईट बहुत ज्यादा थी। मेरा वो सफर 4-5 सालों तक चला था।’
काजल राघवानी जब 16 साल की हुईं तब उन्हें पहली गुजराती फिल्म मिली थी। एक डेढ़ सालों बाद ही उन्हें भोजपुरी इंडस्ट्री से भी ऑफर्स आने लगे। लेकिन वो भोजपुरी इंडस्ट्री में नहीं आना चाहती थीं क्योंकि उन्हें यहां के बारे में कुछ नहीं पता था। काजल राघवानी को उनके पहचान वालों ने राय दी कि वो भोजपुरी फिल्में न करें क्योंकि वहां बहुत अश्लीलता होती है। उन्होंने बताया, ‘मेरे सर्किल में लोगों ने कहा कि नहीं, वहां बहुत अश्लीलता है। अच्छी नहीं होती है फिल्में वहां की।’
इसके बाद काजल ने भोजपुरी फिल्में करने से मना कर दिया था लेकिन उनकी एक दोस्त ने उन्हें भोजपुरी के एक निर्माता से मिलवाया और तब भोजपुरी में उनका सफर शुरू हुआ।
काजल राघवानी और पवन सिंह की जोड़ी को दशकों ने खूब पसंद किया और उनके कई गाने सुपरहिट हुए। खेसारी लाल यादव के साथ भी काजल की जोड़ी पसंद की गई है। काजल राघवानी की कुछ सफल भोजपुरी फिल्में हैं -मेहंदी लगाके रखना, हुकूमत, संघर्ष, कूली न. 1, दबंग आशिक।