सुशांत सिंह डेथ के बाद से मामले ंमें एक के बाद एक बड़े खुलासे हो रहे हैं। ड्रग्स एंगल से हो रही जांच के बाद कई सितारे भी केस में बोलते दिख रहे हैं। भोजपुरी सुपरस्टार दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ ने भी बताया कि उन्हें भी ऐसे कुछ लोग मुंबई में मिले थे जो उनसे मनचाहा काम कराना चाहते थे और अपने तरीकों से चलाना चाहते थे। तो वहीं निरहुआ ने भोजपुरी सुपरस्टार रवि किशन के उस बयान का समर्थन भी किया जिसमें उन्होंने ड्रग्स के खिलाफ आवाज उठाई थी। उन्होंने कहा कि मुंबई हर हिंदुस्तानी की है।
निरहुआ ने कहा- ‘जब तक सच्चाई सामने नहीं आएगी हम साथ खड़े रहेंगे। ऐसा नहीं है कि हमें धमकियां नहीं मिलीं हैं। या हम लोगों को ऐसा नहीं बोला गया है कि मुंबई में रहना है तो हमारी बात सुननी होगी। आज से करीब 4-5 साल पहले मैं यानम में शूटिंग कर रहा था उसस दौरान मुंबई के ही एक लीडर थे। तो उन्होंने कहा कि फिल्म करोगे? तो मैंने कहा कहां करूंगा।’
भोजपुरी स्टार ने आगे कहा- ‘तो उन्होंने कहा कि अगले महीने हमारी शूटिंग शुरू है। तो हमने कहा कि अरे इतनी जल्दी हम आपको डेट कैसे दे पाएंगे। तो उन्होंने कहा कि मुंबई में रहना है तो डेट तो देना पड़ेगा। तो हमने कहा कि देखो मुंबई में तो हम रहेंगे भी और तुम्हें डेट भी नहीं देंगे जो करना है करलो। इसके बाद मैंने यानम में एफआईआर दर्ज कराई थी। इसके बाद फिर उनको समझ में आ गया कि मुंबई सिर्फ उनकी ही नहीं है, हर हिंदुस्तानी की है। यहां कोई किसी को डरा के धमका के काम नहीं करा सकता। क्यों डरे भाई आपसे, मुंबई जितनी उनकी है उतनी हमारी भी है।’
ड्रग्स के खिलाफ रवि किशन के बयान पर उन्होंने कहा- ‘रवि किशन जी ने ऐसी कोई बात नहीं की थी कि जिससे वह लोग इतना तिलमिला गए और अनाप शनाब बोलने लगे। उनके खिलाफ पूरे बॉलीवुड को खड़ा करने लगे। उन्होंने तो बस यही कहा कि ये जो हमारी आने वाली पीढ़ी है, उस पीढ़ी के लिए साफसुधरा माहौल नहीं बचेगा ऐसे तो। इसलिए ये जो चल रहा है इसे रोकना होगा।’