भोजपुरी के पावर स्टार पवन सिंह अब धीरे-धीरे बॉलीवुड में भी अपना पैर जमा रहे हैं। हाल ही में आई ब्लॉकबस्टर ‘स्त्री 2’ का धमाकेदार गाना ‘आई नहीं’ पवन सिंह ने गाया था और इस गाने को खूब पसंद भी किया गया। यूट्यूब पर ये सॉन्ग ट्रेंड में बना हुआ है और इसी बीच भोजपुरी स्टार ने फैंस को एक और सरप्राइज दे दिया है। जी हां! राजकुमार राव के साथ पवन सिंह का एक और मजेदार गाना आने वाला है।
ये गाना राजकुमार राव और तृप्ति डिमरी की फिल्म ‘विक्की विद्या का वो वाला वीडियो’ का है जो आज यानी 5 अक्टूबर को आने वाला है। पवन सिंह ने इस गाने की एक झलक इंस्टाग्राम पर शेयर की थी, जिसमें वो राजकुमार राव के साथ डांस कर रहे हैं और तभी दोनों के बीच से तृप्ति डिमरी गुजरती हैं। इसके बाद दोनों चाय पीने लगते हैं। वीडियो को देख ये तो पता चल रहा है कि ‘आई नहीं’ की तरह ये भी एक बेहतरीन गाना होने वाला है।
फैंस हुए खुश
पवन सिंह ने जैसे ही ये छोटा सा क्लिप शेयर किया, फैंस खुश हो गए। तमाम लोगों ने उन्हें बधाई दी है और उन्हें पावर स्टार बताया है। लोग पवन सिंह पर जमकर प्यार लुटा रहे हैं। कुछ ने ये भी पूछा है कि गाना कब आने वाला है।
इससे पहले पवन सिंह डायरेक्टर अमर कौशिक और प्रोड्यूसर दिनेश विजान की फिल्म ‘स्त्री 2’ में गाया था और इसके बाद अब उन्हें बॉलीवुड में एक के बाद एक ऑफर मिल रहे हैं। पवन सिंह के फैंस भी बॉलीवुड में उनके काम से काफी खुश हैं। उन्हें बॉलीवुड की फिल्म में गाने का मौका कैसे मिला, इसके पीछे भी एक कहानी है।
ये है गाने की कहानी?
‘स्त्री 2’ के लिए रखी एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिनेश विजान ने बताया कि उन्हें कैसे पवन सिंह को ब्रेक देने का विचार आया। दिनेश ने बताया कि उन्होंने पवन सिंह को पहली बार एक शादी में गाते हुए सुना था। वहां दिनेश के साथ उनके म्यूजिक राइटर जिगर भी थे। उन्हें पवन सिंह का नाम उनके म्यूजिक राइटर ने सजेस्ट किया और अगले ही दिन लॉन्च था। दिनेश ने कहा था, “मैं पवन सिंह से कभी मिला नहीं था और हमें उनको क्रेडिट देना होगा कि हमने उन्हें रात में कॉल किया और सुबह ये डब हुआ फिर रात को गाना लॉन्च किया गया।”