साल के शुरुआती महीने में एक भोजपुरी गाना आया था- लहंगा लखनऊआ (Lahanga Lakhanuaa)। रिलीज होते ही इस गाने ने यूट्यूब पर काफी धमाल मचाया लेकिन इसके साथ ही इस गाने पर काफी विवाद भी पैदा हो गया था। गाना चोरी का बताया गया। जिसे गाया था भोजपुरी के मशहूर सिंगर एक्टर खेसारी लाल ने। यानी खेसारी लाल पर गाने की चोरी का आरोप लगा। इस गाने को लेकर रितेश पांडे ने दावा किया कि गाना उनका है जिसे चुराया गया है।
भोजपुरी में ऐसे कई गानों की चोरी को लेकर भोजपुरी सिंगर एक्टर अरविंद अकेला कल्लू ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। हाल ही में दिए अपने एक इंटरव्यू में कल्लू ने कहा कि चोरी के गाने के लिए जितना जिम्मेदार सिंगर उतना ही गाने के राइटर और म्यूजिक डायरेक्टर भी हैं। अरविंद अकेला कल्लू ने आगे कहा कि इसमें राइटर्स की भी गलती है। वे गाने चुरा कर सिंगर से गवा लेते हैं। सिंगर कितना सर्च करेगा कि ये चोरी का है या नहीं।
कल्लू ने सॉन्ग राइटर्स ने निवेदन करते हुए कहा कि आप लोग सोच समझकर गाना दीजिए। चोरी का मत दीजिए। इसमें स्टार का नाम बदनाम होता है। सिंगर को लोग गाली देते हैं। अपना अनुभव साझा करते हुए अरविंद अकेला ने कहा कि मैंने तीन चार गीत गाया हुआ है लेकिन वह मिलता-जुलता है। उन्होंने कहा कि मैंने म्यूजिक डायरेक्टर से कह दिया कि मैं नहीं रिलीज करूंगा। ये मिलता जुलता है।
कल्लू आगे कहते हैं कि मैंने उन मिलते जुलते गीतों को डिलीट करवा दिए। वे गाने रिलीज को तैयार थे। उन्होंने कहा कि मैं भी दो गाली सुनकर रिलीज कर देता। इन गानों से हुए नुकसान की बात करते हुए कल्लू ने कहा कि डिलीट किए हुए गानों से 3 से 4 लाख का नुकसान हुआ था। मैंने कंपनी से पैसे भी ले लिए थे। एक बार लगा कुछ बदल कर रिलीज कर दूं लेकिन दिल नहीं माना।
बता दें कल्लू 8 साल की उम्र से ही भोजपुरी गाने गाते आ रहे हैं। इस सफर में उनके पिता ने उनका खूब साथ दिया। शुरू-शुरू में कल्लू की गायिकी का लोग खूब मजाक उड़ाया करते थे लेकिन बाद में उनके गाए गाने हीट होने लगे। उनका गाना ‘लगा दीं चोलिया में हुक राजा जी’ काफी लोकप्रिय हुआ था। इसके बाद से वे कभी पीछे मुड़कर नहीं देखे। कल्लू भोजपुरी के पॉवर स्टार पवन सिंह को अपना गुरु मानते हैं।