भोजपुरी सिनेमा में आज के समय में एक से बढ़कर एक फिल्में बन रही है। अश्लीलता से कोसों दूर फिल्में बनाई जा रही है। इंडस्ट्री आज के दौर में खूब तरक्की कर रही है। इसके एक्टर्स और सिंगर्स देश-विदेश में अपनी फिल्मों से नाम रोशन कर रहे हैं। कान्स में जाने वाले पहले एक्टर प्रदीप पांडे चिंटू रहे। उनकी फिल्म ‘अग्निसाक्षी’ को प्रदर्शित किया गया था। इसकी जमकर तारीफ की गई थी। ऐसे में भोजपुरी में कई फिल्में रही हैं, जो बॉक्स ऑफिस पर अच्छा खासा प्रदर्शन करती हैं। इन फिल्मों के बजट कम होते हैं मगर बॉक्स ऑफिस कलेक्शन करोड़ों में रहा है। ऐसे में चलिए बताते हैं उन फिल्मों के नाम जिन्होंने बॉक्स ऑफिस पर जमकर गर्दा उड़ाया था।
‘ससुरा बड़ा पईसावाला’
मनोज तिवारी के करियर की हिट फिल्म ‘ससुरा बड़ा पईसावाला’ को साल 2004 में रिलीज किया गया था। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर ताबड़तोड़ कमाई की थी। इसका बजट 30 लाख था और फिल्म ने कमाई 36 करोड़ तक की थी। इसमें मनोज के साथ एक्ट्रेस रानी चटर्जी थीं। दोनों स्टार्स के करियर की सबसे हिट फिल्म रही है। ये भोजपुरी की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म रही थी।
‘गंगा’
अमिताभ बच्चन, रवि किशन, हेमा मालिनी, नगमा और मनोज तिवारी स्टारर फिल्म ‘गंगा’ भोजपुरी की हिट फिल्मों में से एक रही है। इसने कमाई के कई रिकॉर्ड्स तोड़े थे। बताया जाता है कि फिल्म ने 35 करोड़ तक का कलेक्शन किया था। जबकि इसका बजट लाखों में था।
‘प्रतिज्ञा’
साल 2008 में रिलीज हुई पवन सिंह की फिल्म ‘प्रतिज्ञा’ का नाम भी इस लिस्ट में शामिल है। इसमें पवन के साथ निरहुआ भी थे। दोनों ही स्टार्स की साथ में ये पहली फिल्म रही थी। इसका निर्माण 78 लाख में किया गया था और फिल्म ने 22 करोड़ का कारोबार किया था। फिल्म के बाकी स्टारकास्ट की बात की जाए तो इसमें मोनालिसा और पाखी हेगड़े जैसे स्टार्स भी अहम रोल में थीं।
‘देवरा बड़ा सतावेला’
रवि किशन, पवन सिंह, मोनालिसा, रानी चटर्जी और प्रदीप पांडे चिंटू स्टारर फिल्म ‘देवरा बड़ा सतावेला’ को साल 2010 में रिलीज किया गया था। फिल्म उस समय पर्दे पर हिट रही थी। इसका बॉक्स ऑफिस कलेक्शन भी 10 करोड़ रहा था। जबकि इसका बजट लाखों में था।
‘बॉर्डर’
दिनेश लाल यादव निरहुआ और आम्रपाली दुबे स्टारर फिल्म ‘बॉर्डर’ को साल 2018 में रिलीज किया गया था। फिल्म ने यूपी और बिहार के सिनेमाघरों में जबरदस्त कमाई की थी। फिल्म ने बिहार में सलमान खान की ‘रेस 3’ को टक्कर दी थी। इसने 19 करोड़ तक का कलेक्शन किया था।
‘निरहुआ हिंदुस्तानी’
साल 2014 में रिलीज हुई निरहुआ और आम्रपाली दुबे की फिल्म ‘निरहुआ हिंदुस्तानी’ ने बॉक्स ऑफिस पर कमाल का बिजनेस किया था। इसने कुल 14 करोड़ का बिजनेस किया था। इस मूवी से दोनों स्टार्स की जोड़ी हिट हुई थी। ये फिल्म आम्रपाली दुबे की पहली और हिट फिल्म रही थी। इसके बाद से लेकर आज तक दोनों एक्टर्स साथ में हैं।
‘मेहंदी लगा के रखना’
खेसारी लाल यादव और काजल राघवानी की हिट फिल्मों में से एक ‘मेहंदी लगा के रखना’ भी रही है। ये ब्लॉकबस्टर रही थी। इसने बॉक्स ऑफिस पर 14 करोड़ का बिजनेस किया था। इसे साल 2017 में रिलीज किया गया था। इसमें दोनों की केमिस्ट्री को काफी पसंद किया गया था। इसके अलावा इस जोड़ी के करियर की सबसे बड़ी हिट ‘संघर्ष’ को माना जाता है।