Rani Chatterjee-Manoj Tiwari Controversy: भोजपुरी सिनेमा जगत में रानी चटर्जी और मनोज तिवारी की जोड़ी ऐसी रही है, जिसने इंडस्ट्री को सबसे बड़ी हिट दी थी। साल 2004 में दोनों पहली बार साथ में फिल्म ‘ससुरा बड़ा पईसावाला’ में दिखे थे। उस समय एक्ट्रेस 16 साल की थीं और इस मूवी में दोनों ही एक्टर्स की केमिस्ट्री ने दिल जीत लिया था। रानी ने इसके बाद अपने करियर में इंडस्ट्री के बड़े एक्टर्स निरहुआ दिनेश लाल यादव, पवन सिंह और खेसारी लाल जैसे कलाकारों के साथ काम किया। वो फिल्मों के अलावा अक्सर अपने बयानों को लेकर भी चर्चा में रहती हैं। ऐसे में अब उन्होंने अपने पहले हीरो मनोज तिवारी और भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री को लेकर कई राज खोले हैं। रानी ने बताया कि मनोज तिवारी उन्हें फिल्मों से निकलवा देते थे। चलिए बताते हैं एक्ट्रेस ने क्या कुछ कहा।

दरअसल, रानी चटर्जी ने हाल ही में रियल टॉक से बात की। इस बातचीत में एक्ट्रेस ने फिल्म इंडस्ट्री को लेकर काफी कुछ बातें की। उन्होंने बताया कि उनको लगता था कि मनोज तिवारी उनके लिए काफी सपोर्टिव हैं। शुरुआत में उनके साथ ऐसा होता था कि वो फिल्मों में शामिल होती थीं, मीटिंग्स होती थी। यहां तक कि बजट भी फाइनल कर लिया जाता था लेकिन बाद में उन्हें पता चलता था कि वो फिल्म में नहीं हैं। उन्हें बाद में पता चलता था कि फिल्म से निकाल दिया गया है। एक्ट्रेस ने बताया कि कई लोग उनसे बताते थे कि ये सब मनोज तिवारी की वजह से हुआ है तो वो इस पर विश्वास नहीं करती थीं। उनको लगता था कि वो उनके लिए काफी सपोर्टिव हैं। अच्छे से मिलते हैं। घर पर आते हैं।

रानी चटर्जी ने इसी बातचीत को आगे बढ़ाते हुए कहा कि एक बार फिल्म ‘विधाता’ बन रही थी। इसमें मनोज तिवारी और रवि किशन जैसे स्टार्स अहम रोल में थे। वो भी इस मूवी में थीं। इसी बीच एक दिन एक्ट्रेस को पता चला कि उन्हें इस मूवी से हटाने की बात चल रही है। उन्हें लगा कि अगर मुहूर्त के बाद उन्हें फिल्म से बाहर कर दिया जाएगा तो इसका उन पर बुरा असर पड़ेगा। उन्होंने काफी प्रार्थना की कि ऐसा ना हो लेकिन उन्हें बाहर कर ही दिया गया।

रानी चटर्जी ने मनोज तिवारी कॉल करके फटकारा

रानी चटर्जी ने बताया कि उन्होंने मनोज तिवारी को कॉल करके इसके लिए फटकार लगाई थी। एक्ट्रेस ने बताया कि उन्होंने मनोज को पहली बार कॉल किया था और उनसे पूछा था कि उनको उनसे क्या समस्या है और वो उन्हें विधाता से क्यों हटाना चाहते हैं? भोजपुरी एक्ट्रेस ने बताया कि इस सवाल के जवाब में मनोज तिवारी ने उनसे कहा कि उनको उनसे कोई समस्या नहीं है और ये भी कहा कि वो (रानी चटर्जी) उन्हें कैसे ये कह सकती हैं।

इसके बाद रानी ने बताया कि उन्होंने मनोज तिवारी को फोन करने की वजह भी क्लियर की और बताया कि उन्होंने उन्हें इसलिए फोन किया है कि एक हीरो की सिर्फ इतनी ही औकात है कि उन्हें एक फिल्म से हटा दे, उससे ज्यादा कुछ नहीं।