भोजपुरी के जाने-माने एक्टर और सिंगर प्रमोद प्रेमी यादव सुर्खियों में हैं। वजह उनका कोई म्यूजिक वीडियो या फिल्म नहीं बल्कि उनसे जुड़ा विवाद है। बिहार के आरा की एक महिला ने उन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का आरोप है कि उन्होंने फिल्म में काम दिलाने का उससे वादा किया था। लेकिन, ऐसा नहीं हुआ। उन्होंने काम का झांसा देकर दो अन्य लोगों के साथ उसका यौन शोषण किया है। इस मामले में बिहार की आरा पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है और इसकी जांच शुरू हो गई है। बताया जा रहा है कि पीड़िता खुद एक भोजपुरी गायिका हैं। उन्होंने कई एलबम में काम किया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि वो प्रेग्नेंट हो गई थीं तो उनके साथ भोजपुरी एक्टर और सिंगर ने मारपीट की, जिसकी वजह से उनका गर्भपात हो गया।
पीड़िता को लेकर बताया जा रहा है कि वो यूपी से ताल्लुक रखती हैं। लेकिन, आरा के उदवंतनगर में रहती है। पीड़ित महिला ने पुलिस को बताया कि भोजपुरी एलबम में काम करने के दौरान उसकी मुलाकात प्रमोद प्रेमी यादव से हुई थी। उस दौरान वो भोजपुरी में काम के लिए स्ट्रगल कर रही थी और इसी दौरान प्रमोद ने उसे फिल्मों में काम दिलाने की बात कही थी। एक्टर ने महिला से कहा था कि वो उन्हें बड़ा स्टार बना देंगे। यहीं से दोनों में बात होने लगी और इसके बाद इनकी दोस्ती हो गई।
महिला ने किया शादी और मारपीट का दावा
इतना ही नहीं, खबरों में बताया जा रहा है कि महिला ने दावा किया कि प्रमोद प्रेमी ने एक दिन उससे शादी के लिए कहा। पीड़िता ने बताया कि एक्टर ने उससे कहा कि वो उससे शादी करना चाहते हैं। इसके बाद दोनों ने 12 मई, 2015 को बखोरापुरा मंदिर में शादी कर ली। दोनों उदवंतनगर में एक किराए के घर में रहते थे। इसी बीच महिला को पता चला कि प्रमोद पहले से ही शादीशुदा है। जब उसने इसका विरोध किया तो कथित आरोपियों ने बेरहमी से पिटाई कर दी।
वहीं, पुलिस के हवाले कहा जा रहा है कि वो इस मामले की तहकीकात कर रहे हैं। शिकायत दर्ज कर ली गई है। पुलिस की ओर से प्रमोद प्रेमी यादव से लगातार संपर्क साधने की कोशिश की जा रही है। महिला आरा में ही रहती है। इसके साथ ही इस मामले को लेकर भोजपुरी एक्टर की ओर से अभी तक कोई रिएक्शन सामने नहीं आया है।