भोजपुरी हो या फिर बॉलीवुड या साउथ, इंडस्ट्री कोई भी हो हर जगह एक ही मुद्दा काफी चर्चित रहता है वो है कास्टिंग काउच। अक्सर इसका शिकार होते हुए एक्ट्रेसेस को देखा जाता रहा है। लेकिन अब एक नया मामला भोजपुरी इंडस्ट्री से सामने आया है, जिसमें एक भोजपुरी एक्ट्रेस ने यूट्यूबर पर इंटरव्यू के बहाने रेप का मामला दर्ज कराया है। ये घटना गुरुग्राम का बताया जा रहा है। खबरों में कहा जा रहा है कि अभिनेत्री को होटल में इंटरव्यू के बहाने बुलाया गया था। तभी शख्स शराब पीने लगा था। इसके बाद उनके साथ दुष्कर्म जैसी घिनौनी हरकत की।
खबरों की मानें तो भोजपुरी एक्ट्रेस ने मामले को लेकर यूट्यूबर महेश पांडेय नाम के एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस में शिकायत देने वाली महिला का कहना है कि वो भोजपुरी एक्ट्रेस है। सोशल मीडिया इंस्टाग्राम के जरिए उसका प्रोफाइल है, जिस पर काफी फॉलोअर्स हैं। वो अक्सर अपनी वीडियोज और फोटोज वहां शेयर करती रहती है। उसने बताया कि कुछ दिनों पहले ही महेश पांडेय नाम के एक व्यक्ति से उनका संपर्क हुआ। यूट्यूबर ने उनसे कहा कि वो भोजपुरी इंडस्ट्री में हैं और काम दिला सकता है। फिर 29 जून को उद्योग विहार एरिया के एक होटल में इंटरव्यू के बहाने बुलाया।
महिला के साथ किया दुष्कर्म
खुद को भोजपुरी एक्ट्रेस बताने वाली महिला महेश के कहने पर होटल पहुंच गई। उसने पहले से ही रूम बुक किया हुआ था। युवती ने बताया कि वो कुछ सवाल पूछने के बाद शराब पीने लगा। ये देखकर वो उठकर वहां से जाने लगी तो उसने उसे पकड़ लिया और फिर रेप किया। इसका विरोध करने पर आरोपी ने उसे अपशब्द कहे और जान से मारने की धमकी दी। महिला की ओर से बुधवार को मामले में शिकायत पुलिस को दी गई।
फर्जी आईडी से बुक किया था रूम
इसके साथ ही खुद को भोजपुरी एक्ट्रेस बताने वाली महिला ने ये भी आरोप लगाया है कि उसने होटल में सुभाष नाम की फर्जी आईडी से रूम बुक किया था। महेश पांडेय गुरुग्राम के चकरपुर एरिया का रहने वाला है। मामले में उद्योग विहार थाना में रेप, धमकी देने समेत अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। एसीपी क्राइम वरुण दहिया ने बताया कि मामले में टीम कार्रवाई कर रही है।