Rani Chatterjee: भोजपुरी एक्ट्रेस रानी चटर्जी ने पिछले दिनों सोशल मीडिया पर एक पोस्ट कर बताया था कि कोई शख्स उन्हें हरास कर रहा है और उनके लिए अश्लील बातें फैला रहा है। रानी ने अपने पोस्ट में आरोप लगाते हुए कहा कि वह शख्स उन्हें कई सालों से परेशान कर रहा है। जिस वजह से वह डिप्रेशन में हैं।

एक्ट्रेस ने ये तक अपने पोस्ट में कहा था कि इस वजह से वह सुसाइड करने की भी सोच चुकी थीं। रानी ने अपने पोस्ट में आगे मुंबई पुलिस से दरख्वास्त की थी कि वह इस मामले में नजर डालें। इसके बाद अब मुंबई पुलिस ने इस मामले में एक्शन लिया। रानी चटर्जी के वायरल पोस्ट को नोटिस करने के बाद मुंबई पुलिस ने रानी को परेशान करने वाले शख्स के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली।

इस खबर के बाद रानी चटर्जी ने अपने फैंस को पोस्ट कर इस बारे में जानकारी दी औऱ साथ ही मुंबई पुलिस को शुक्रिया कहा। रानी ने अपने पोस्ट में ये भी कहा कि वह हार नहीं मानेंगी और आगे भी लड़ेंगी। रानी चटर्जी ने साथ ही अपने पोस्ट में ये भी कहा कि जो लोग समझ रहे हैं कि यह कोई पब्लिसिटी स्टंट है तो वह ऐसी सोच रखने वालों से जरा भी सरोकार नहीं रखतीं।

बता दें, बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत के सुसाइड के बाद से ही एक एक कर कई नामी लोग सामने आए और इंडस्ट्री के हालातों के साथ साथ डिप्रेशन पर भी खुलकर बात करते नजर आए। इनमें कंगना रनौत, शेखर कपूर, मनोज बाजपेयी, अभिनव कश्यप जैसे लोग शामिल थे। वहीं भोजपुरी एक्ट्रेस रानी चटर्जी ने भी अपनी स्थिति के बारे में फैंस को बताया था।

रानी चटर्जी खतरों के खिलाड़ी और मस्तराम में भी नजर आ चुकी हैं। एक्ट्रेस ने अपने पोस्ट में उस शख्स पर उन्हें प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था। अपने उस पोस्ट में रानी ने कहा था कि- वह इन दिनों डिप्रेशन में हैं और खुद को नुकसान पहुंचा सकती हैं। पोस्ट के अंत में उन्होंने Suicide को हैशटैग किया था और मुंबई पुलिस को टैग किया था।