भोजपुरी सिनेमा में इन दिनों स्टार्स एक के बाद एक हेडलाइन्स में हैं। इसमें कोई आपसी रिश्तों को लेकर तो कोई विवादों की वजह से खबरों में रहता है। पिछले दिनों जहां खेसारी लाल यादव और काजल राघवानी अपने रिश्ते और विवादों के वजह से लाइमलाइट में रहे वहीं, इन दिनों भोजपुरी इंडस्ट्री की जानी-मानी अभिनेत्री डिंपल सिंह निजी जिंदगी को लेकर हेडलाइन्स बटोर रही हैं। डिंपल को लेकर अक्सर कयास लगाए जाते रहे हैं कि वो पवन सिंह को डेट कर रही हैं। ऐसे में अब उन्होंने उनके साथ रिश्ते और पहले प्यार के बारे में बताया है। डिंपल ने बताया कि वो बलिया से बनारस पढ़ने के लिए आई थीं लेकिन, उनका प्यार अधूरा रह गया और फिर उन्होंने एक्टिंग परिवार के खिलाफ करियर की शुरुआत की। चलिए बताते हैं उन्होंने कुछ कहा।
दरअसल, डिंपल सिंह ने हाल ही में एबीपी लाइव से बात की। इस दौरान एक्ट्रेस ने भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री में महिलाओं के साथ हो रहे शोषण से लेकर अपने करियर, लव लाइफ, खेसारी लाल-काजल राघवानी और पवन सिंह जैसे स्टार्स के बारे में बात की। इसी बीच जिक्र हुआ कि अक्सर पवन सिंह के चहेते लोग उनको ट्रोल क्यों करते हैं और उनके साथ नाम क्यों जुड़ता है? डिंपल ने इस पर कहा कि ये लोगों की अपनी-अपनी सोच है। उन्होंने पवन को अपना गुरु बताया। इतना ही नहीं, एक्ट्रेस पवन सिंह को भगवान की तरह मानती हैं। उन्होंने कहा कि बस कुछ लोगों को दिक्कत होती है कि वो उनके करीब क्यों रहती हैं? इसलिए, कुछ दिनों के लिए उन्होंने दूरी बना ली थी। लेकिन, जब वो याद करते हैं तो डिंपल उनसे मिलने के लिए चली जाती हैं। अब उनके बीच सब कुछ ठीक है।
इसी चर्चा में डिंपल सिंह ने अपने बारे में बताया कि वो दिल्ली में कुछ समय तक रही हैं। चौथी क्लास तक दिल्ली में पढ़ीं। इसके बाद अपने पैतृक आवास बलिया चली गई थीं। यहां कुछ समय तक रहीं बाद में पढ़ाई के लिए बनारस आ गई थीं। यहां वो पढ़ने तो आईं लेकिन, उनकी पढ़ाई पूरी नहीं हो सकी क्योंकि उनको इश्क हो गया था। हालांकि, उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया। डिंपल सिंह ने बताया कि उनका ये कॉलेज वाला प्यार अधूरा रह गया था। डिंपल बताती हैं कि वो बीए तक पढ़ी हैं। एक्ट्रेस बताती हैं कि प्यार में दिल टूटने के बाद एक्टिंग में कदम रखा और रितेश पांडे के साथ एक गाना किया, जिसका परिवार वालों विरोध किया।
भाई बोला- ‘मेरी इज्जत नीलाम कर रही है’
डिंपल सिंह आगे बताती हैं कि जब उनके घरवालों को इस वीडियो के बारे में पता चला तो सभी नाराज हुए। उनके छोटे भाई ने कहा, ‘इज्जत नीलाम कर रही है। शर्म नहीं आ रही है। हमारे घर की लड़कियां जाती नहीं हैं।’ एक्ट्रेस बताती हैं कि बहुत सारी चीजें हुईं। फिर भी वो नहीं मानीं और उन्होंने सीरियल का रुख किया। कुछ समय सीरियल में काम किया। फिर दिल्ली में गायिकी सीखी। इसे भी उन्होंने आधा ही छोड़ दिया फिर इवेंट्स किए। इसी दौरान खेसारी की टीम के किसी ने उनके डांस की तारीफ की और एक्ट्रेस को ट्रेंडिंग स्टार के साथ गाना करने के लिए मिल गया। यहीं से उनकी भोजपुरी में पूरी तरह से शुरुआत हो गई।
बहरहाल, अगर डिंपल सिंह के वर्कफ्रंट की बात की जाए तो हाल ही में उनका लेटेस्ट म्यूजिक वीडियो ‘मेहरारू जइसन’ रिलीज किया गया था, जिसमें वो अरविंद अकेला कल्लू के साथ रोमांस करते हुए नजर आई थीं। इसके अलावा उन्होंने हाल ही में रितेश पांडे के साथ ‘मीना बाजार’ जैसे गाने में काम किया।
भोजपुरी एक्ट्रेस डिंपल सिंह से जुड़ी ये खबर तो आपने पढ़ लिया। इसके साथ ही आप उनसे जुड़ी एक और खबर पढ़ सकते हैं कि एक्ट्रेस ने बिना नाम लिए किसी पर निशाना साधा और कहा था कि ऐसे लोग मर्द नहीं होते हैं, जो लोग लड़कियों की इज्जत नहीं करते हैं।