भोजपुरी सिनेमा में कई अभिनेत्रियां हैं। आज भोजपुरी का कद बढ़ रहा है तो इसके साथ ही बॉलीवुड और साउथ की अभिनेत्रियां भी इंडस्ट्री में किस्मत आजमा रहे हैं। बहुत कम ही होता है कि किसी कम समय में पहचान मिल सके। इसी में से एक यूट्यूब क्वीन नाम से फेमस एक्ट्रेस चांदनी सिंह हैं, जो कभी ब्यूटी पार्लर में काम किया करती थीं लेकिन, आज वो फिल्म और म्यूजिक इंडस्ट्री में अदायकी के साथ ही खूबसूरती से भी राज करती हैं। ऐसे में अब वो अपनी नई फिल्म को लेकर चर्चा में है, जिसका टाइटल ‘वीर वधू’ है। इसके निर्माता गया कुमार हैं। फिल्ममेकर ने इसकी शूटिंग शुरू कर दी और इसकी शुरुआत बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी उत्तर प्रदेश से हुई है।
फिल्म के निर्माता गया कुमार और लेखक धर्मेंद्र सिंह से मिली जानकारी के अनुसार, ‘वीर वधू’ एक पारिवारिक ताने बाने से बुनी एक महिला प्रधान फिल्म है, जिसमें पारिवारिक भावनाएं और सामाजिक संदेश गहराई से बुना गया है। ये भोजपुरी संस्कृति और संस्कारों को दिखाएगी। साथ ही ये फिल्म ऐसे विषय को छूती है, जो हर वर्ग और उम्र के दर्शकों को अपनी ओर खींच सकती है। फिल्ममेकर्स ने इसे अश्लीलता से कोशों दूर रखने का फैसला किया है।
फिल्म का निर्माण निभा फिल्म्स मगध बिहार व शिवोहम एंटरटेनमेंट के बैनर तले हो रहा है, जिसके निर्माता गया कुमार है। बता दें कि निभा फिल्म्स मगध बिहार वही बैनर है जिसकी अभी हाल ही में पवन सिंह स्टारर फिल्म ‘पवन की चांदनी’ रिलीज हुई है। अब ये इसी बैनर के तले ‘वीर वधू’ का निर्माण किया जा रहा है।
‘मकान’ फिल्म के डायरेक्टर अभिषेक दुबे कर रहे निर्देशन
अपकमिंग भोजपुरी फिल्म ‘वीर वधू’ के निर्देशन की बात की जाए तो वो डायरेक्टर अभिषेक दुबे कर रहे है। अभिषेक दुबे की ये बतौर निर्देशक दूसरी फिल्म है। इसके पहले उन्होंने ‘मकान’ जैसी फिल्म का निर्देशन किया था। अभिषेक दुबे इंडस्ट्री से यंग डायरेक्टर हैं, जो सामाजिक मुद्दों पर आधारित फिल्में लेकर आ रहे हैं।
वहीं, इस भोजपुरी फिल्म की स्टार कास्ट की बात की जाए तो इसमें चांदनी सिंह के अलावा अभिनय के धनी संजय पांडेय और उनके साथ राघव पाण्डेय, संदीप यादव, सौरभ सम्राट, राखी मिश्रा, कमलेश कुमार गौतम जैसे कलाकार अहम रोल में नजर आने वाले हैं। फिल्म की रिलीज पर नजर डालें तो इसकी रिलीज डेट अभी तय नहीं की गई है।