Akanksha Dubey Suicide Case: भोजपुरी की जानी-मानी एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे (Akanksha Dubey) का सुसाइड केस काफी चर्चा में रहा था। एक्ट्रेस के आत्महत्या के मामले में उनके कथित बॉयफ्रेंड और भोजपुरी सिंगर समर सिंह (Samar Singh) का मुख्य आरोपी माना जा रहा था। आकांक्षा की मां मधु दुबे ने भी उन पर कई गंभीर आरोप लगाए थे और इन सब के लिए उन्होंने समर को ही दोषी ठहराया था। इसके बाद एक्टर और सिंगर को उत्तर प्रदेश गाजियाबाद से अरेस्ट किया गया था और वो पिछले सात महीनों से जेल में थे। अब लेटेस्ट अपडेट सामने आ रहा है कि वो जेल से रिहा हो गए हैं।

समर सिंह को हाईकोर्ट से जमानत मिल गई है। जब वो जेल बाहर आए तो बड़ी संख्या में उनके समर्थक उन्हें जेल के बाहर लेने के लिए पहुंचे। भोजपुरी स्टार के समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। हालांकि, इस दौरान एक्टर मीडिया की नजरों से बचते और मुंह छुपाते हुए नजर आए। यहां तक कि समर ने मीडिया से बात भी नहीं की और अपनी कार में बैठकर वहां से निकल गए।

पहचानना हुआ मुश्किल

आपको बता दें कि समर सिंह का लुक काफी बदला हुआ दिखा। यूट्यूबर खुशबू गाजीपुरी ने इंस्टाग्राम पर समर सिंह के साथ फोटो शेयर की। इसमें उन्हें बड़ी दाढ़ी और बड़े बालों में देखा जा सकता है। इसमें उन्हें पहचान पाना भी काफी मुश्किल हो रहा है। फिल्म इंडस्ट्री कई कलाकारों ने भी उनका जोरदार स्वागत किया। उनके लिए सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर समर सिंह का ग्रैंड वेलकम किया।

आपको बता दें कि समर सिंह भोजपुरी एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे की सुसाइड मामले में मुख्य आरोपी थे। इसी साल 26 मार्च, 2023 को वाराणसी के एक होटल में एक्ट्रेस का शव पंखे से लटका मिला था, जिस रात एक्ट्रेस ने सुसाइड किया था उस रात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था। इसमें एक शख्स उन्हें कमरे में लेकर जाता हुआ देखा था। पुलिस की जांच में सामने आया था कि समर सिंह और आकांक्षा दुबे लिव इन रिलेशन में थे हालांकि, आकांक्षा की मां ने इससे इनकार कर दिया था।

मां ने समर सिंह पर लगाए थे गंभीर आरोप

आकांक्षा दुबे के सुसाइड के बाद उनकी मां ने कथित बॉयफ्रेंड समर सिंह पर कई गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने आरोप लगाए थे कि समर सिंह और उनके भाई संजय सिंह ने उनकी बेटी को जान से मारने की धमकी दी थी। भोजपुरी एक्ट्रेस की मां की शिकायत पर उनके खिलाफ पुलिस में शिकायत भी दर्ज की गई थी। इसके बाद कई जगहों पर छापेमारी की गई थी और 6 अप्रैल को गाजियाबाद से समर को गिरफ्तार किया गया था।