सिनेमा जगत की चकाचौंध भरी दुनिया में कई ऐसी अभिनेत्रियां रही हैं, जिनकी मौत की गुत्थी आज तक अनसुलझी रह गई है। इसमें प्रिया राजवंश, दिव्या भारती, बिदुषी दास बर्दे और परवीन बॉबी जैसे कई बेहतरीन अभिनेत्रियां रही हैं, जिनकी मौत के सवाल का जवाब आज तक नहीं मिल पाया। इस लिस्ट में भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे का नाम भी शामिल होता नजर आ रहा है। एक्ट्रेस का शव बनारस के एक होटल में फंदे से लटका मिला था। उनका निधन 26 मार्च, 2023 को हुआ था। आज उनकी दूसरी डेथ एनिवर्सरी है। एक्ट्रेस की मां लगातार बेटी के लिए न्याय की मांग कर रही हैं। इसके लिए दर-दर की ठोकरें खा रही हैं लेकिन, 2 साल बाद भी उनकी मौत की गुत्थी सुलझ नहीं पाई है। चलिए बताते हैं इस केस में अब तक क्या क्या हुआ।
आकांक्षा दुबे भोजपुरी इंडस्ट्री की उभरती हुई अभिनेत्री थीं। उनका करियर पीक पर था। उन्होंने म्यूजिक इंडस्ट्री से करियर की शुरुआत की थी और फिल्मों में काम करना शुरू कर दिया था। लेकिन, 26 मार्च, 2023 का वो दिन उनके परिवार के लिए काला दिन रहा है, जब पता चला कि उनकी अब इस दुनिया में नहीं रही। इस खबर के सामने आते ही ना केवल परिवार और भोजपुरी इंडस्ट्री में बल्कि मीडिया इंडस्ट्री में मच गई। आकांक्षा दुबे भले ही दुनिया में नहीं रहीं लेकिन, उनकी मौत कई सवाल खड़े कर गई। कथित बॉयफ्रेंड समर सिंह पर उनकी हत्या का आरोप लगा। आकांक्षा की मां ने कई खुलासे किए।
मौत से पहले दी थी ब्रेकअप पार्टी
आकांक्षा दुबे की मौत के बाद खुलासा हुआ था कि उन्होंने एक दिन पहले ही एक प्राइवेट पार्टी रखी थी, जिसे उनकी ब्रेकअप पार्टी का नाम दिया गया था। आकांक्षा और समर सिंह के अफेयर की चर्चा काफी रही। वैलेंटाइन्स डे के मौके पर एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया पर फोटो शेयर कर समर सिंह अपने रिश्ते को ऑफिशियल किया था हालांकि, बाद में उन्होंने पोस्ट को डिलीट कर दिया था। ऐसे में आकांक्षा दुबे के मौत के प्राइम सस्पेक्ट समर सिंह को ही माना जा रहा था। जिस दिन एक्ट्रेस का निधन हुआ उस दिन पार्टी से उनका पुराना दोस्त संदीप होटल तक अपनी गाड़ी से छोड़ने लेकर गया था। सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए थे। सीसीटीवी में खुलासा हुआ था कि वो 17 मिनट तक में कमरे में रहा था। इस लिहाज से संदीप ही वो आखिरी शख्स था, जिसने भोजपुरी एक्ट्रेस को आखिरी बार जिंदा देखा था।
संदीप को मिली थी क्लीन चिट
आकांक्षा दुबे की मौत कई सवाल खड़े करती है। संदीप के जाने के बाद आकांक्षा जिंदा थीं या नहीं ये आज तक नहीं पता चल पाया है। एक्ट्रेस की मौत को लेकर ये टाइमिंग और सवाल सबसे अहम था। हालांकि, पुलिस ने संदीप को पूछताछ के लिए बुलाया भी था लेकिन फिर उस क्लीन चिट देते हुए छोड़ दिया गया था।
आकांक्षा की मां ने समर सिंह लगाए थे इल्जाम
वहीं, आकांक्षा दुबे की मौत की खबर सुनकर जब उनका परिवार वाराणसी पहुंचा तो एक्ट्रेस की मां को ये खुदकुशी नहीं लगी। क्योंकि एक्ट्रेस की मौत कई सवाल खड़े करती है। उनके कमरे में सुसाइड नोट तक नहीं मिला था। ऐसे में सवाल उठना तो लाजमी था। आकांक्षा की मां समर सिंह को बेटी की हत्या आरोपी मानती हैं। हालांकि, आज तक उन पर ये आरोप सिद्ध नहीं हो पाया। एक्ट्रेस की मां ने कई मौकों पर बार-बार आवाज उठाते हुए कहा था कि समर सिंह उनकी बेटी को किसी और हीरो के साथ काम नहीं करने देते थे। उन्होंने मारपीट तक के आरोप लगाए थे। वहीं, मां का ये भी इल्जाम है कि समर सिंह उनकी बेटी को काम के पैसे नहीं देते थे।
आकांक्षा की मौत पर एक और चीज सवालिया निशान उठाती है कि अगर एक्ट्रेस की मौत के मामले में समर सिंह का हाथ नहीं था तो वो उनके निधन के बाद गायब क्यों हुए थे? विवादों और आरोपों पर कभी क्यों रिएक्शन नहीं दिया? क्यों आरोपों के बाद खुद को सरेंडर नहीं किया? इस तरह के कई सवाल उठते हैं। काफी तलाश के बाद उन्हें उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से अरेस्ट किया गया था। ऐसे कई सवाल हैं, जो आकांक्षा की मौत के मामले में समर सिंह को शक के घेरे में लाते हैं।
आकांक्षा दुबे के कपड़ों की रिपोर्ट
समर सिंह के जेल जाने के बाद आकांक्षा दुबे के कपड़ों की रिपोर्ट भी सामने आई थी, जिसमें कई खुलासे हुए थे। 2 बाद सामने आई इस रिपोर्ट के बाद परिवार ने सीबीआई की जांच की मांग की। इस रिपोर्ट में खुलासा हुआ था कि उनके अंडर गारमेंट्स में सीमेन मिले थे। इस केस में DCP वरुणा जोन वाराणसी अमित कुमार ने बताया कि आकांक्षा की मौत के बाद बिसरा, कपड़े, वेजाइनल और एनल स्वैब पैथॉलाजिकल और फोरेंसिक जांच के लिए सैंपल्स लिए गए थे। उन्होंने बताया कि एक्ट्रेस कपड़े पर स्पर्म मिले थे।
क्या कहती है पोस्टमार्टम रिपोर्ट?
इसके साथ ही आकांक्षा दुबे की पोस्टमार्टम रिपोर्ट की बात की जाए तो इसमें सामने आया था कि अभिनेत्री की मौत फांस के फंदे पर लटकने से ही हुई थी। इस दौरान उनके शरीर पर कोई चोट के निशान भी नहीं मिले थे। इससे साफ कहा गया था कि उनकी हत्या नहीं हुई है। वहीं, पुलिस ने समर सिंह को शख के दायरे में इसलिए रखा था क्योंकि पहले तो एक्ट्रेस की मां ने आरोप लगाए थे। दूसरी बात थी कि जांच के दौरान पुलिस को पता चला था कि आकांक्षा, समर सिंह के साथ लिव इन में रहती थीं। दोनों वाराणसी के टकटपुर में एक घर में साथ रहते थे।
7 महीने बाद समर सिंह जेल से हुए रिहा
तमाम आरोपों के बाद समर सिंह को आकांक्षा दुबे की मौत के केस में 7 महीने तक जेल में बंद रखा गया था। जांच के बाद उन्हें 7 महीने के बाद ही हाईकोर्ट से जमानत मिल गई थी, जिसके बाद वो जेल से बाहर आ गए। हालांकि, आकांक्षा दुबे की मौत के केस में आज तक कोई ठोस सबूत नहीं मिल पाए और ना ही मौत की गुत्थी सुलझ पाई है। तमाम आरोपों और खुलासों के बाद भी आज तक आकांक्षा की मां बेटी के लिए न्याय की मांग कर रही हैं। वो दर-दर भटकने को मजबूर हैं। देखना होगा कि उन्हें न्याय कब मिलता है और कब ये गुत्थी सुलझ पाती है। हालांकि, ये सवाल है कि ये मौत की गुत्थी कभी सुलझेगी भी या नहीं।
भदोही से थीं आकांक्षा दुबे
आकांक्षा दुबे के बारे में बात की जाए तो वो उत्तर प्रदेश के भदोही से ताल्लुक रखती थीं। बचपन में ही वो अपने परिवार के साथ मुंबई चली गई थीं। उनके पिता मुंबई में बिजनेमैन थे। वो चाहते थे कि उनकी बेटी बड़ी होकर आईपीएस बने लेकिन, वो टिक टॉक के जरिए सोशल मीडिया पर छा गई थीं, जिसके बाद उन्होंने भोजपुरी म्यूजिक इंडस्ट्री में कदम रखा और समर सिंह के साथ उनकी जोड़ी छा गई। बाद में उन्होंने फिल्मों का रुख किया।