आलिया भट्ट और वरुण धवन स्टारर फिल्म बद्रीनाथ की दुल्हनिया 100 करोड़ के क्लब में शामिल हो गई है। इसी के साथ 100 करोड़ क्लब में शामिल होने वाली यह वरुण धवन की तीसरी फिल्म बन गई है। इससे पहले वरुण की एबीसीडी2 और दिलवाले 100 करोड़ क्लब में शामिल हो चुकी है। वहीं आलिया भट्ट की यह दूसरी फिल्म थी जिसने 100 करोड़ का आंकड़ा पार किया है। इससे पहले उनकी फिल्म 2 स्टेट्स भी 100 करोड़ क्लब में शामिल हो चुकी है। फिल्म 2014 में रिलीज हुई फिल्म हंप्टी शर्मा की दुल्हनिया की दूसरी कड़ी है जिसे बद्रीनाथ की दुल्हनिया नाम से रिलीज किया गया।

शशांक खेतान ने हाल ही में कहा था कि लोग क्योंकि दुल्हनिया सीरीज को पसंद कर रहे हैं तो वह अब जल्द ही इस सीरीज के अगली फिल्म बनाने के लिए विचार करेंगे। फिल्म में वरुण धवन झांसी के एक लड़के बद्रीनाथ बंसल का किरदार निभा रहे हैं वहीं आलिया भट्ट एक रईस और चुलबुली लड़की के किरदार में हैं। दूसरे हफ्ते में फिल्म के कलेक्शन की बात करें तो पिछले शुक्रवार को फिल्म में 4.21 करोड़ की कमाई की, जिसके बाद शनिवार को 5.90 करोड़, रविवार को 7.45 करोड़, सोमवार को 2.72 करोड़, मंगलवार को 2.45 करोड़ और गुरुवार को 2.05 करोड़ की कमाई की। इस तरह फिल्म का अब तक का कुल कलेक्शन 100.74 करोड़ रुपए हो गया है।

फिल्म देखकर निकली ऑडियंस की मानें तो वरुण धवन और आलिया भट्ट ने अपने किरदार को बखूबी निभाया है। दोनों की केमिस्ट्री इससे पहले भी दर्शकों को पसंद आई है। अपनी इसी केमिस्ट्री के दम पर वो एक बार फिर वही जादू चलाने में कामयाब दिख रहे हैं। शायद आपको पता नो हो तो बता दें कि इस फिल्म में अकांक्षा सिंह, गौहर खान, श्वेता बसु प्रसाद, पुनीत सिंह रतन और रितुराज सिंह सपोर्टिंग रोल में हैं। झांसी के रहने वाले बद्रीनाथ को कोटा की रहने वाली वैदेही से प्यार हो जाता है। वैदेही एक पढ़ी-लिखी लड़की है, वह अपने दिल की बात करती है, सबकी इज्जत करती है। दोनों की सोच काफी अलग है। लेकिन दोनों साथ आगे बढ़ते हैं।