Bade Miyan Chote Miyan Trailer: अक्षय कुमार और टाइगर श्रॉफ की जोड़ी पहली बार पर्दे पर नजर आने वाली है। दोनों फिल्म ‘बड़े मियां छोटे मियां’ के जरिए स्क्रीन पर दर्शकों को एंटरटेन करते हुए दिखाई देने वाले हैं। इस जोड़ी की फिल्म की रिलीज का दर्शकों को बेसब्री से इंतजार है। इसी बीच इसका ट्रेलर जारी किया जा चुका है, जिसमें दोनों स्टार्स का दमदार अंदाज देखने के लिए मिला है। अक्षय और टाइगर जबरदस्त एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। इसमें इनके अलावा ‘सालार’ एक्टर पृथ्वीराज सुकुमारन भी हैं।
‘बड़े मियां छोटे मियां’ के ट्रेलर की बात की जाए तो इसमें अक्षय कुमार और टाइगर श्रॉफ एक्शन मोड में हैं। दोनों मूवी में आर्मी अफसर के रोल में हैं। वो देश के लिए मर मिटने को तैयार हैं। फिल्म में ‘सालार’ स्टारर पृथ्वीराज सुकुमारन हैं, जो उनकी नाक में दम किए हुए दिखाई दे रहे हैं। इसमें एक्ट्रेस मानुषी छिल्लर का भी ग्लैमरस अंदाज देखने को मिल रहा है। मूवी में सोनाक्षी सिन्हा की भी झलक देखने के लिए मिली है। 3.31 मिनट के ट्रेलर में जबरदस्त एक्शन देखने के लिए मिल रहा है। इसमें विलेन का चेहरा रिवील नहीं किया गया है मगर, वो काफी दमदार लग रहा है। विलेन की एंट्री मास्क पहने हुई है।
आपको बता दें कि अक्षय कुमार ने फिल्म के ट्रेलर को इंस्टाग्राम पर शेयर किया है। इसे शेयर करने के साथ ही उन्होंने लिखा, ‘जब दुनिया खत्म होने को हो। बड़े मियां छोटे मियां के आने का गिनती शुरू करें। हमें कौन रोकेगा।’ ट्रेलर के सामने आते ही लोग इस पर खूब रिएक्शन दे रहे हैं। अगर लोगों की प्रतिक्रिया पर नजर डाल जाए तो एक ने लिखा, ‘दुश्मन पाकिस्तान होगा कंफर्म।’ दूसरे ने लिखा, ‘सबसे बड़े ब्लॉकबस्टर है।’ तीसरे ने लिखा, ‘बॉक्स ऑफिस पर धमाका होने वाला है।’ चौथे ने लिखा, ‘ये मूवी नहीं बवाल है। इससे बढ़िया कोई नहीं हो सकता। मास्टर पीस ऑफ ट्रेलर और इंतजार नहीं कर सकता।’ इसके साथ ही एक अन्य ने लिखा, ‘अक्षय कुमार हिस्ट्री ब्रेकर ही नहीं हिस्टी क्रिएटर भी हैं।’ इसी तरह से लोग इस पर खूब रिएक्शन दे रहे हैं।
बहरहाल, अगर ‘बड़े मियां छोटे मियां’ की स्टारकास्ट के बारे में बात की जाए तो इसमें अक्षय कुमार, टाइगर श्रॉफ, पृथ्वीराज सुकुमारन के अलावा मानुषी छिल्लर, सोनाक्षी सिन्हा और अलाया एफ भी अहम भूमिकाओं में हैं। इसका निर्देशन अली अब्बास जफर ने किया है। फिल्म को जैकी भगनानी ने प्रोड्यूस किया है। इसकी रिलीज की बात करें तो फिल्म को इस साल की ईद के मौके पर 10 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा।